ज्वालागंज चौराहे पर आदर्श व्यापार मंडल ने चलाया विशेष जागरूकता अभियान

* वाहन चालकों को पंपलेट बांटकर हेलमेट और सीट बेल्ट के प्रति किया जागरूक

फोटो परिचय- (1) वाहन चालक को गुलाब भेंटकर यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते आदर्श व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप गर्ग।

यातायात नियमों के प्रति लोगों की सोच बदलने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से आदर्श व्यापार मंडल (गर्ग गुट) ने गुरुवार को ज्वालागंज चौराहे पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान वाहन चालकों को रोककर उन्हें गुलाब का फूल भेंट किया गया। साथ ही पंपलेट वितरित कर सुरक्षित सफर और यातायात नियमों के पालन की अपील की गई।

कार्यक्रम का नेतृत्व संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप गर्ग ने किया। उन्होंने वाहन चालकों को समझाया कि सड़क पर की गई छोटी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनकर ही सफर करने तथा चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने की अपील की गई। इसके अलावा तेज रफ्तार से बचने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और सड़क पर दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने की सलाह दी गई।

इस मौके पर प्रदीप गर्ग ने कहा कि यातायात नियमों का पालन किसी दबाव या चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी और अपनों की जिंदगी सुरक्षित रखने के लिए जरूरी है। एक छोटी सी चूक पूरे परिवार को जिंदगी भर का दर्द दे सकती है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को सड़क सुरक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए।

अभियान में जिलाध्यक्ष अभिनव यादव, कोषाध्यक्ष अभय गुप्ता, युवा जिलाध्यक्ष मोहम्मद इमरान, नगर अध्यक्ष अशोक यादव, अमित सोनी, बब्ला सोनी, यातायात उपनिरीक्षक विजेंद्र कुमार राय, कोतवाली प्रभारी हेमंत कुमार मिश्रा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष हर मंगल सिंह एवं मोहम्मद सिद्दीकी सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now