CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। कोतवाली क्षेत्र के लखीपुर गांव में कथित गोवध की सूचना पुलिस को देना एक ग्रामीण को भारी पड़ गया। घटना के करीब दस दिन बाद भी पीड़ित न्याय की आस में कोतवाली के चक्कर काट रहा है। उसका आरोप है कि पुलिस ने उसकी शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय उसी के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई कर दी, जबकि मारपीट करने वालों के विरुद्ध कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।
पीड़ित सद्दीक ने बताया कि गांव के शादिक, लतीफ, तस्लीम, युनुस, यूनुस और मेसर ने गांव में गोवंश काटे जाने की सूचना पुलिस को दी थी। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर विपक्षी पक्ष ने सद्दीक को घेरकर बेरहमी से पीट दिया। मारपीट में उसके दोनों हाथों में गंभीर चोटें आईं। पीड़ित का कहना है कि हमलावर मारपीट करने के बाद स्वयं कोतवाली पहुंच गए और उसके खिलाफ ही प्राथमिकी दर्ज करा दी। सद्दीक का आरोप है कि वह लगातार पुलिस से न्याय की मांग कर रहा है, लेकिन उसकी शिकायत पर अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। उल्टा उसके खिलाफ ही शांति भंग की कार्रवाई कर दी गई, जिससे उसे मानसिक और सामाजिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि विपक्षी लोग लंबे समय से गोवंश पकड़कर उनकी बिक्री करने का कार्य करते हैं और इसी की जानकारी पुलिस को दिए जाने से वे रंजिश रखने लगे। इस मामले में कोतवाली प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि दूसरे पक्ष की ओर से अभी तक तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। यदि पीड़ित तहरीर देता है तो मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक साक्ष्यों के आधार पर उसकी ओर से भी प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
