घर के बाहर घेरकर पीटने का आरोप, पीड़ित पक्ष ने तीन लोगों पर लगाया हमला करने का आरोप
पुलिस पर भी सुनवाई न करने और कार्रवाई के बजाय पीड़ित को थाने में बैठाने का आरोप
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के मगदीपुर गांव में चुनावी विवाद ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया। गांव में चुनाव को लेकर चली आ रही कथित रंजिश के चलते एक युवक के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन लोगों ने युवक को घर के बाहर घेर लिया और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटकर घायल कर दिया। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मगदीपुर निवासी स्वर्गीय राधेश्याम के 40 वर्षीय पुत्र राममिलन के साथ मारपीट का आरोप गांव के ही बबलू पुत्र नरेश, दरोगा पुत्र स्वर्गीय भारत तथा नरेंद्र पुत्र निर्भय पर लगाया गया है। मारपीट में राममिलन को चोटें आईं, जिसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे।
जिला अस्पताल में घायल राममिलन के भाई श्यामू सिंह ने आरोप लगाया कि गांव का बबलू पूर्व में तीन बार चुनाव लड़ चुका है, लेकिन प्रत्येक बार उसे हार का सामना करना पड़ा। इसी चुनावी विवाद को लेकर वह उनके भाई से कथित तौर पर रंजिश रखता है और आए दिन धमकी देता रहता था।
श्यामू सिंह के मुताबिक करीब तीन दिन पहले राममिलन अपने घर के बाहर मौजूद था। इसी दौरान बबलू, दरोगा और नरेंद्र वहां पहुंचे और चुनावी रंजिश को लेकर उसके भाई के साथ विवाद करने लगे। आरोप है कि देखते ही देखते तीनों ने लाठी-डंडों से राममिलन की पिटाई शुरू कर दी। मारपीट में घायल होने के बाद वह किसी तरह बच सका।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना की शिकायत लेकर जब वह थाने पहुंचा तो पुलिस ने मामले में अपेक्षित कार्रवाई करने के बजाय उसे ही थाने में बैठा लिया। श्यामू सिंह का यह भी आरोप है कि चिकित्सक द्वारा जिला अस्पताल के लिए रेफर किए जाने के बावजूद पुलिस की ओर से घायल को सदर अस्पताल में भर्ती कराने में सहयोग नहीं किया गया। इसके बाद परिजनों ने स्वयं राममिलन को जिला अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
घटना को लेकर पीड़ित पक्ष ने आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, मामले में पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। घटना के बाद गांव में दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बताई जा रही है।
