अलग-अलग दुर्घटनाओं में गंभीर रूप से हुए थे घायल, एक ने सदर अस्पताल तो दूसरे ने कानपुर में गंवाई जान
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में गंभीर रूप से घायल दो युवकों की उपचार के दौरान मौत हो गई। चार दिन के अंतराल में हुई इन घटनाओं से मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। एक युवक ने जिला अस्पताल में दम तोड़ा, जबकि दूसरे की कानपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हुई। पुलिस ने दोनों मामलों में शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पहली घटना हथगाम थाना क्षेत्र की है। हथगाम कस्बे के वार्ड नंबर तीन निवासी बाबूलाल का 19 वर्षीय पुत्र सुभाष गत 11 सितंबर को बाइक से आवश्यक सामान लेने जा रहा था। बताया जाता है कि अधारीपुर के समीप पहुंचते ही एक चार पहिया वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में सुभाष गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे उपचार के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा था। हालत बिगड़ने पर देर रात उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
दूसरा हादसा सदर कोतवाली क्षेत्र में हुआ। खागा कोतवाली क्षेत्र के भोगलपुर गांव निवासी देवस्वरूप का पुत्र शैलेश पाल भी 11 सितंबर की दोपहर सड़क हादसे का शिकार हो गया था। वह बाइक से अपने घर लौट रहा था। नऊवाबाग के समीप पहुंचने पर अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में शैलेश गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल शैलेश को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए कानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर कानपुर पहुंचे और वहां उसका उपचार शुरू हुआ। मंगलवार की सुबह इलाज के दौरान शैलेश की मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजन शव को लेकर फतेहपुर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दोनों हादसों को लेकर पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।
