फोटो परिचय- मंडी समिति परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेतीं डीएम निधि गुप्ता वत्स व एसपी अभिमन्यु मांगलिक।
– पोलिंग पार्टियों के रवाना होने और ईवीएम सुरक्षित रखने के लिए बनेगा विशेष केंद्र
– परिसर में सीसीटीवी कैमरे, बैरिकेडिंग और पार्किंग की होगी पुख्ता व्यवस्था
– डीएम-एसपी ने संबंधित अधिकारियों को समय से सभी इंतजाम पूरे करने की दी हिदायत
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को धरातल पर उतारना शुरू कर दिया है। मतदान से जुड़ी महत्वपूर्ण गतिविधियों के संचालन के लिए मंडी समिति को प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इसी क्रम में शनिवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के साथ मंडी समिति पहुंचकर पूरे परिसर का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पोलिंग पार्टियों की रवानगी, वाहनों की पार्किंग और मतदान के बाद ईवीएम जमा कराने के लिए प्रस्तावित व्यवस्थाओं को परखा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को मंडी समिति परिसर और पार्किंग स्थल का विस्तृत सर्वे कर नक्शा तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पोलिंग पार्टियों के आवागमन में किसी तरह की बाधा न आए, इसके लिए प्रवेश और निकास मार्गों को व्यवस्थित किया जाए। आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग के साथ सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, ताकि परिसर की प्रत्येक गतिविधि पर निगरानी रखी जा सके।
डीएम ने अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) को निर्देशित किया कि मंडी समिति में बिजली, पेयजल, स्वच्छता और अन्य बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित कर ली जाए। निर्वाचन कार्य में इस्तेमाल होने वाले प्रत्येक स्थल को निर्धारित मानकों के अनुरूप तैयार करने पर जोर देते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वहीं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने सुरक्षा संबंधी इंतजामों की समीक्षा करते हुए कहा कि निर्वाचन के दौरान पोलिंग पार्टियों की आवाजाही से लेकर ईवीएम की सुरक्षित अभिरक्षा तक पर्याप्त पुलिस प्रबंध किए जाएं। उन्होंने सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर आवश्यक इंतजाम करने पर भी जोर दिया।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, एआरटीओ, मंडी सचिव, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
