– मां की हार्ट अटैक से मौत के लिए दरोगा को ठहराया जिम्मेदार
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। हुसैनगंज थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें एक छात्रा ने स्थानीय पुलिस पर लापरवाही, अभद्र व्यवहार और जबरन समझौते का दबाव बनाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने अपनी माँ की हार्ट अटैक से हुई मौत के लिए भी संबंधित उपनिरीक्षक को जिम्मेदार ठहराया है। पीड़िता ने एसपी को शिकायती पत्र सौंपकर एफआईआर दर्ज करवाए जाने के साथ ही एसआई का स्थानांतरण किए जाने की गुहार लगाई है।
एसपी को दिए गए शिकायती पत्र में ग्राम शाहपुर कोढ़इया निवासी एक पीड़िता ने बताया कि वह अनुसूचित जाति (पासी) समुदाय से हैं। 29 मार्च 2026 को सुबह लगभग 11 बजे वह खेत की ओर गई थीं, तभी गाँव के ही शेभित पुत्र राजेन्द्र ने उनके साथ छेड़खानी करते हुए जबरन पकड़कर घसीटने का प्रयास किया। शोर मचाने पर परिजन मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपी फरार हो गया। घटना के विरोध में शिकायत करने पर आरोपी पक्ष के चार लोगों ने उनके घर में घुसकर गाली-गलौज और मारपीट की। इसके बाद जब वह अपने पिता के साथ थाना हुसैनगंज शिकायत लेकर पहुंचीं, तो वहां तैनात उपनिरीक्षक ने कथित तौर पर उनकी शिकायत को नजरअंदाज करते हुए समझौते का दबाव बनाया। आरोप है कि समझौता न करने पर उपनिरीक्षक ने पीड़िता और उसके पिता के साथ अभद्र व्यवहार किया तथा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए उन्हें थाने से भगा दिया। इस घटना के बाद उनकी माँ गहरे सदमे में चली गईं और 11 अप्रैल की रात हार्ट अटैक से उनकी मृत्यु हो गई। पीड़िता ने अपनी माँ की मौत के लिए संबंधित उपनिरीक्षक को जिम्मेदार ठहराया। पीड़िता ने यह भी बताया कि पुलिस अधीक्षक कार्यालय व प्रयागराज जोन के अपर महानिदेशक कार्यालय में भी शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। पीड़िता ने एसपी से मांग किया कि आरोपियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए, संबंधित उपनिरीक्षक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करते हुए उनका स्थानांतरण किया जाए तथा पूरे मामले की जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी से कराई जाए।
