फोटो परिचय- यशराज रिसार्ट में भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं को रोकता पुलिस बल।
— हुसैनगंज और सदर के कार्यक्रमों में जाने की तैयारी के बीच पुलिस ने रोका रास्ता
— जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह समेत नेताओं की अधिकारियों से चली लंबी बातचीत
— गेस्ट हाउस में रोके गए भाजपा नेता-कार्यकर्ता, मौके पर तैनात रहा भारी पुलिस बल
CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद हुसैनगंज और सदर विधानसभा क्षेत्रों में प्रस्तावित कार्यक्रमों के लिए रवाना होने की तैयारी कर रहे भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस-प्रशासन ने रोक दिया। जीटी रोड स्थित यशराज रिसार्ट से काफिले के रूप में निकलने को लेकर पुलिस और भाजपा नेताओं के बीच काफी देर तक बातचीत होती रही। बाद में जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह समेत कई नेताओं व कार्यकर्ताओं को खागा गेस्ट हाउस में रोक दिया गया।
बताया गया कि यशराज रिसार्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह के नेतृत्व में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता हुसैनगंज और सदर विधानसभा क्षेत्र में होने वाले कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए रवाना होने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस-प्रशासन ने उन्हें बाहर निकलने से रोक दिया।
मौके पर एसडीएम अश्वनी पांडेय, सीओ रवि प्रकाश सिंह समेत भारी पुलिस बल पहुंच गया। अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए काफिले के रूप में आगे जाने की अनुमति नहीं दी। पुलिस की रोक के बाद रिसार्ट परिसर में काफी देर तक नेताओं और अधिकारियों के बीच बातचीत का दौर चलता रहा।
इस दौरान पूर्व कोआपरेटिव चेयरमैन उदय प्रताप सिंह ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि एक व्यक्ति के इशारे पर प्रशासन भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को रोक रहा है। उनका कहना था कि यदि कार्यकर्ता चार पहिया वाहनों से सीमित संख्या में कार्यक्रमों में शामिल होने जा रहे हैं तो इससे कानून-व्यवस्था किस तरह प्रभावित होगी, यह समझ से परे है।
रिसार्ट से आगे जाने की अनुमति न मिलने के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह, पूर्व कोआपरेटिव चेयरमैन उदय प्रताप सिंह, विजयीपुर प्रमुख प्रतिनिधि आदित्य त्रिवेदी, भिटौरा के भाजपा नेता संतोष तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता खागा गेस्ट हाउस में रहे। घटनाक्रम के दौरान पुलिस-प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए रहा।
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक भी अधिकारियों से लगातार स्थिति की जानकारी लेते रहे। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए हथगांव थाना प्रभारी अरुण चतुर्वेदी, धाता थाना प्रभारी अभिलाष तिवारी, खागा कोतवाली प्रभारी संजय पांडेय, सीओ रवि प्रकाश सिंह, एसडीएम अश्वनी पांडेय और तहसीलदार पीयूष कुमार पांडेय सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। देर तक चले मान-मनौव्वल के बावजूद भाजपा नेताओं के कार्यक्रमों को लेकर स्थिति पर प्रशासन की निगाह बनी रही।
