फोटो परिचय- सफाई सामग्री का निरीक्षण करते पालिकाध्यक्ष राज कुमार मौर्य व अन्य।
– 8.78 लाख रुपये की लागत से खरीदी गई सामग्री सफाई नायकों को सौंपी गई
– फावड़ा, झाड़ू, तसला, गैती, बाल्टी समेत कई जरूरी संसाधन हुए वितरित
– पालिकाध्यक्ष ने कर्मचारियों से नियमित और प्रभावी सफाई पर दिया जोर
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। शहर के 34 वार्डों में सफाई व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए नगर पालिका परिषद की ओर से सफाई कर्मचारियों को जरूरी उपकरण उपलब्ध कराए गए। गुरुवार को नगर पालिका परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पालिकाध्यक्ष राज कुमार मौर्य एडवोकेट और अधिशासी अधिकारी रविंद्र कुमार ने वार्डवार सफाई नायकों को सामग्री वितरित की।
नगर पालिका ने राज्य वित्त आयोग/निकाय अंश के तहत स्वीकृत 8 लाख 78 हजार 200 रुपये की धनराशि से सफाई कार्य में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों की खरीद की है। इसमें फावड़ा, फावड़ी, पांची, झाड़ू, तसला, बाल्टी, तलवार, गैती और साबड़ समेत विभिन्न जरूरी सामान शामिल हैं। उपकरण मिलने के बाद सफाई कर्मचारियों को रोजमर्रा के कार्यों में सहूलियत मिलने के साथ ही वार्डों में सफाई अभियान को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान पालिकाध्यक्ष राज कुमार मौर्य ने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए सफाई कर्मियों को पर्याप्त संसाधन मिलना आवश्यक है। उन्होंने कर्मचारियों से उपलब्ध उपकरणों का सही तरीके से इस्तेमाल करने और अपने-अपने वार्डों में नियमित सफाई व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
अधिशासी अधिकारी रविंद्र कुमार ने भी कर्मचारियों को सफाई व्यवस्था से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी जमा न होने देने तथा सभी वार्डों में नियमित सफाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
इस दौरान सभासद शादाब अहमद, विनय तिवारी, अरुण कुमार यादव, अतीश पासवान, संजय श्रीवास्तव, सुशील यादव, शाबिर, पवन द्विवेदी प्रतिनिधि, संतोष पटेल प्रतिनिधि, गुड्डू यादव प्रतिनिधि, विवेक नागर प्रतिनिधि, राम सिंह पटेल प्रतिनिधि, शहजाद अनवर, अयाज अहमद, मोहम्मद अहमद, रितिक पाल प्रतिनिधि, आफताब अहमद प्रतिनिधि, मुन्नी लाला प्रतिनिधि समेत सफाई एवं खाद्य निरीक्षक राकेश कुमार गौड़, केआर चन्द्राकर और स्वास्थ्य लिपिक गुलाब सिंह सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
