फोटो परिचय-  बरामद पटाखों के मामले में गिरफ्तार आरोपी को लेकर जाती पुलिस टीम।

– दीपावली से पहले पुलिस की छापेमारी में 112 किलो पटाखे जब्त

– करीब एक लाख रुपये कीमत का बताया जा रहा बरामद माल

– बिना लाइसेंस पटाखे जमा करने के आरोप में दर्ज हुआ मुकदमा

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। दीपावली के मद्देनजर जिले में अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में जहानाबाद थाना पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में पटाखे बरामद किए और एक दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, बरामद पटाखों का वजन 112 किलोग्राम है, जिनकी अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 20 अक्टूबर को जहानाबाद पुलिस को अवैध पटाखे रखे होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कस्बे के मोहल्ला बंबा ऊपर में हाईवे किनारे स्थित एक दुकान के पीछे खाली स्थान पर छापा मारा। तलाशी के दौरान बोरियों और गत्तों में भरे विभिन्न ब्रांड के पटाखे बरामद हुए।

मौके से पुलिस ने मोहम्मद इरफान पुत्र मोहम्मद जहीर उर्फ चुन्ना, निवासी मोहल्ला औरंगाबाद, कस्बा व थाना जहानाबाद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि पटाखों का भंडारण बिना लाइसेंस किया गया था। मामले में थाना जहानाबाद में मुकदमा अपराध संख्या 191/2026 के तहत धारा 288 बीएनएस तथा विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 5/9ख में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष योगेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक बिंध्येश कुमार गिरि, मुख्य आरक्षी श्याम कुंवर, आरक्षी वीरू सिंह और आरक्षी चंदन कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now