पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय के भोजनालय का निरीक्षण करतीं डीएम।
– छात्राओं से संवाद कर बढ़ाया हौसला, भोजन से लेकर शौचालय तक जांची गुणवत्ता
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने गुरुवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज मलवां और पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय सरकंडी का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक गुणवत्ता के साथ विद्यालयों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई, रुचि और भविष्य की योजनाओं की जानकारी ली तथा उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज मलवां में जिलाधिकारी ने छात्राओं से बातचीत कर विद्यालय में मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने प्रधानाचार्य को निर्देश दिए कि शौचालयों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराई जाए और छात्राओं को मेनू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने सभी विषयों की नियमित टेस्ट परीक्षा कराने पर भी जोर दिया, ताकि छात्राओं की शैक्षणिक प्रगति का लगातार आकलन हो सके और उनका मनोबल बढ़े। डीएम ने विद्यालय के रसोईघर का निरीक्षण करने के साथ परिसर में निर्मित नए भवन का भी जायजा लिया। नए भवनों में सीलन मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया कि कार्यदायी संस्था से पत्राचार कर भवनों में सीलन आने के कारणों की लिखित जानकारी प्राप्त की जाए। उन्होंने विद्यालय में पेयजल, स्वच्छता सहित अन्य व्यवस्थाओं को भी देखा और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। इसके बाद जिलाधिकारी ने पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय सरकंडी का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर छात्र-छात्राओं से संवाद किया और उनसे भविष्य की योजनाओं के बारे में पूछा। जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार करियर का चयन करने तथा लक्ष्य बनाकर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य ने जिलाधिकारी को विद्यालय की विभिन्न उपलब्धियों एवं शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने विद्यालय की लाइब्रेरी, कंप्यूटर कक्ष और रसोईघर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालयों में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं विद्यालय के शिक्षक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now