घायल आरोपी को लेकर जाती पुलिस।
– तमंचा-कारतूस व नकदी बरामद
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। थरियांव थाना क्षेत्र में बुधवार की देर रात पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी साहिल कुरैशी के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में पुलिस ने उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और नकदी बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में 12 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक 19/20 अगस्त की रात थरियांव पुलिस पश्चिमी बाइपास थरियांव से जयसिंहपुर जाने वाले मार्ग के पास संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध अवस्था में एक व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो आरोपी ने कथित रूप से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी साहिल कुरैशी पुत्र शरीफ निवासी जमरावां, थाना हुसैनगंज के बाएं पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने घायल आरोपी को कब्जे में लेकर उपचार के लिए जिला अस्पताल फतेहपुर भेजा। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध तमंचा .315 बोर, दो खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और 1,000 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार साहिल कुरैशी थाना थरियांव में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 63/2026 में धारा 303(2), 317(2), 317(4), 317(5), 61(2) बीएनएस तथा मुकदमा अपराध संख्या 85/2026 में धारा 331(4), 305, 317(2), 317(4), 317(5), 61(2) बीएनएस के मामलों में प्रकाश में आया था। पुलिस ने आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच की तो अब तक उसके खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में 12 मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। अन्य आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने बरामद असलहे और कारतूस को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now