बारिश के बाद जलमग्न गली का दृश्य।
– ब्राह्मण टोला से नौबस्ता रोड तक जलभराव, गलियों में घुटनों तक पानी
– बाल्टियों से पानी निकालने को मजबूर हुए लोग, सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो
CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। मंगलवार को हुई मूसलाधार बारिश ने खागा कस्बे में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। करीब तीन घंटे तक हुई तेज बारिश के बाद नगर के कई मोहल्ले जलमग्न हो गए। जलनिकासी की पर्याप्त व्यवस्था न होने से बारिश का पानी गलियों से होते हुए लोगों के घरों तक पहुंच गया। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
ब्राह्मण टोला, नई बाजार, गढ़ी, नीम टोला, नौबस्ता रोड और चौड़ाखेर सहित कई इलाकों में पानी भरने से आवागमन बाधित रहा। कुछ स्थानों पर गलियों में घुटनों तक पानी जमा हो गया। घरों में पानी पहुंचने पर लोग बाल्टियों की मदद से उसे बाहर निकालते नजर आए। लगातार बारिश के कारण कच्चे और जर्जर मकानों में रहने वाले परिवारों की चिंता भी बढ़ गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक सोमवार से शुरू हुई बारिश मंगलवार को भी जारी रही, जिससे कस्बे की नालियां और जलनिकासी के रास्ते जवाब दे गए। पानी की निकासी नहीं होने से समस्या लगातार बढ़ती चली गई। जलभराव के कारण राहगीरों के साथ ही दुकानदारों और मोहल्लेवासियों को भी दिक्कत उठानी पड़ी।
जलभराव की स्थिति को लेकर रितेश, मुकेश और रवि ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किए। वायरल वीडियो में गलियों और मकानों के आसपास जमा बारिश का पानी दिखाई दे रहा है। लोगों ने नगर में स्थायी जलनिकासी व्यवस्था कराने की मांग उठाई है।
नगर पंचायत अध्यक्ष गीता सिंह ने बताया कि जलनिकासी की समस्या के समाधान के लिए लोक निर्माण विभाग को पत्र भेजा गया है। उन्होंने कहा कि बारिश का दौर थमने के बाद जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
