प्रयागराज परिक्षेत्र में दूसरा और प्रदेश में 12वां स्थान मिला
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। पुलिस विभाग के कार्यों के मूल्यांकन में फतेहपुर पुलिस ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपनी कार्यक्षमता का परिचय दिया है। सितंबर माह की दर्पण डैशबोर्ड रैंकिंग में जनपद पुलिस को प्रयागराज परिक्षेत्र में दूसरा और प्रदेश स्तर पर 12वां स्थान हासिल हुआ है। इस उपलब्धि को पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली में सुधार और विभिन्न मामलों के निस्तारण में सक्रियता का परिणाम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से हर महीने दर्पण डैशबोर्ड के जरिए पुलिस विभाग के कामकाज की समीक्षा की जाती है। इस मूल्यांकन में 50 अलग-अलग बिंदुओं पर जनपदों के प्रदर्शन का आकलन किया जाता है। इनमें सीसीटीएनएस, डायल-112, महिला एवं एससी-एसटी अपराधों से संबंधित कार्रवाई, आईजीआरएस शिकायतों का निस्तारण, विवेचना और गिरफ्तारी जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में जिले में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जनशिकायतों के समयबद्ध निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके साथ ही विवेचनाओं की गुणवत्ता सुधारने और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के लिए भी पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया जा रहा है।
सितंबर माह की रैंकिंग में मिले स्थान से पुलिस विभाग में उत्साह है। अधिकारियों के अनुसार, यह सफलता जिले के पुलिसकर्मियों के सामूहिक प्रयास और जिम्मेदारी के साथ किए जा रहे कार्यों को दर्शाती है। विभाग ने आगे भी पुलिस सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने, शिकायतों का त्वरित समाधान करने और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने पर जोर देने की बात कही है।
