दलदल में पता लीडर वहांन
बारिश में बदहाल हुआ कच्चा रास्ता
ग्राम प्रधान ने खंड विकास अधिकारी पर लगाए अनदेखी के आरोप
CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। ऐरायां विकास खंड के भादर गांव स्थित नंदी गौशाला तक जाने वाला कच्चा मार्ग पहली ही बारिश में बदहाल हो गया। गौशाला के लिए हरा चारा लेकर जा रहा लोडर दलदल में फंस गया, जिससे चालक और गौशाला कर्मियों को घंटों तक मशक्कत करनी पड़ी। आखिरकार लोडर से चारा उतारकर कर्मचारियों को सिर पर ढोते हुए गौशाला तक पहुंचाना पड़ा। बुधवार को रुक-रुक कर हुई हल्की और मध्यम बारिश के कारण गौशाला का संपर्क मार्ग पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो गया। हालत यह रही कि वाहन तो दूर, पैदल चलना भी मुश्किल हो गया। हरे चारे से भरा लोडर रास्ते में धंस गया और काफी प्रयास के बाद भी बाहर नहीं निकल सका। काफी देर की मशक्कत के बाद किसी तरह वाहन को निकाला गया।
ग्राम प्रधान राजेश तिवारी ने आरोप लगाया कि यह समस्या नई नहीं है। पिछले वर्ष भी बारिश के मौसम में इसी रास्ते के खराब होने से गौशाला तक चारा पहुंचाने में भारी दिक्कत हुई थी। उन्होंने बताया कि बारिश समाप्त होने के बाद संबंधित अधिकारियों को कई बार मार्ग निर्माण के लिए अवगत कराया गया, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। उनका आरोप है कि खंड विकास अधिकारी की उदासीनता के कारण आज भी गौशाला तक जाने वाला मार्ग बदहाल पड़ा है। वहीं, खंड विकास अधिकारी अशोक कुमार सिंह ने ग्राम प्रधान के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि ग्राम पंचायत की ओर से सड़क निर्माण के लिए कभी कोई प्रस्ताव या लागत का अनुमान (स्टीमेट) नहीं भेजा गया। प्रस्ताव मिलने के बाद ही नियमानुसार निर्माण कार्य कराया जा सकता है। बारिश की शुरुआत में ही गौशाला तक जाने वाला मार्ग दलदल में तब्दील हो जाने से ग्रामीणों में भी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि गौशालाओं के सुचारु संचालन और पशुओं की देखभाल के सरकारी दावों के बीच यदि चारा तक समय पर नहीं पहुंच पा रहा है, तो यह संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now