– नवंबर में वितरित होंगे सहायक उपकरण
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जनपद के विशिष्ट आवश्यकता वाले (दिव्यांग) बच्चों को सहायक उपस्कर एवं उपकरण उपलब्ध कराने के लिए सितंबर माह में मापन एवं परीक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में चयनित बच्चों को नवंबर माह में भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को), कानपुर के सहयोग से आवश्यक उपकरण वितरित किए जाएंगे।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि परियोजना निदेशक, समग्र शिक्षा के निर्देश पर परिषदीय विद्यालयों, को-लोकेटेड आंगनबाड़ी केंद्रों तथा बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित सहायता प्राप्त (गवर्नमेंट एडेड) विद्यालयों में अध्ययनरत विशिष्ट आवश्यकता वाले बच्चों के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। शिविर में एलिम्को के विशेषज्ञ बच्चों का मापन एवं परीक्षण कर उनकी आवश्यकता के अनुरूप उपकरणों का चयन करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बीआरसी हथगाम में 7 सितंबर को मापन एवं परीक्षण शिविर तथा 17 नवंबर को उपकरण वितरण, बीआरसी मलवां में 8 सितंबर को मापन एवं परीक्षण शिविर तथा 18 नवंबर को वितरण, जबकि बीआरसी बहुआ (शाह) में 9 सितंबर को मापन एवं परीक्षण शिविर एवं 19 नवंबर को उपकरण वितरण किया जाएगा। बीएसए ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र बच्चे इसका लाभ उठा सकें। इसके लिए सभी एआरपी, संकुल शिक्षक, प्रधानाध्यापक एवं स्पेशल एजुकेटर्स को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए हैं। स्पेशल एजुकेटर्स अपने-अपने क्षेत्र के पात्र बच्चों का डाटा तैयार कर प्रत्येक बच्चे और उसके अभिभावकों को शिविर की जानकारी देंगे। शिविर में आने वाले बच्चों को विद्यालय में अध्ययनरत होने का प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, आय प्रमाण-पत्र तथा दिव्यांगता प्रमाण-पत्र (यूडीआईडी कार्ड) साथ लाना अनिवार्य होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now