फोटो परिचय-  दीपावली पूजन के लिए गणेश-लक्ष्मी की प्रतिमाओं का चयन करतीं महिलाएं।

– महंगाई के बावजूद खरीदारी में नहीं आई कमी, मिठाई और पूजन सामग्री की रही सर्वाधिक मांग

– गणेश-लक्ष्मी की प्रतिमाओं से लेकर दीप, सजावटी सामान और आतिशबाजी तक की हुई जमकर बिक्री

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। रोशनी और खुशियों के महापर्व दीपावली को लेकर जिलेभर में उत्सव का माहौल दिखाई देने लगा है। रविवार को मनाए जाने वाले दीपावली पर्व की तैयारियों में शनिवार को लोग पूरे दिन जुटे रहे। सुबह से ही शहर के प्रमुख बाजारों में खरीदारों की आवाजाही बनी रही। महंगाई के बावजूद त्योहार की खुशियों पर कोई असर नजर नहीं आया और लोगों ने जरूरत के साथ परंपरागत सामान की जमकर खरीदारी की।

दीपावली पर मां लक्ष्मी और भगवान गणेश के पूजन की परंपरा के चलते बाजारों में प्रतिमाओं की दुकानों पर विशेष चहल-पहल रही। मिट्टी और प्लास्टर ऑफ पेरिस से निर्मित आकर्षक प्रतिमाओं के साथ पूजा की थालियां, दीपक, मोमबत्तियां, झालरें और रंग-बिरंगी सजावटी वस्तुओं की खूब बिक्री हुई। वहीं मिठाई की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ लगी रही। लइया, गट्टा, खिलौने और अन्य पारंपरिक खाद्य सामग्री खरीदने के लिए लोग परिवार सहित बाजार पहुंचे।

दीपावली का पर्व धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भगवान श्रीराम के लंका विजय के बाद माता सीता और लक्ष्मण के साथ अयोध्या आगमन की खुशी में मनाया जाता है। मान्यता है कि भगवान राम के स्वागत में अयोध्यावासियों ने दीप जलाकर पूरी नगरी को रोशन कर दिया था। तभी से यह पर्व प्रकाश, आस्था और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक बन गया। इसी परंपरा को निभाते हुए लोग अपने घरों को दीपों और विद्युत झालरों से सजाने की तैयारियों में लगे रहे।

पर्व पर मिट्टी के दीपकों का विशेष महत्व बना हुआ है। बाजारों में छोटे-बड़े आकार के दीपकों की खरीदारी भी खूब हुई। घरों की साफ-सफाई, रंगाई-पुताई और सजावट का काम पूरा करने के बाद लोग पूजन की तैयारियों में जुटे नजर आए। उधर, सोशल मीडिया पर भी दीपावली की शुभकामनाएं देने का सिलसिला तेज हो गया है। मित्रों, परिचितों और रिश्तेदारों को बधाई संदेश भेजकर लोग त्योहार की खुशियां साझा कर रहे हैं। रविवार को जिलेभर में दीपों की जगमगाहट और उल्लास के बीच दीपावली का पर्व परंपरागत श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now