फोटो परिचय-  खागा मंडी समिति में दीप प्रज्ज्वलित कर दीपोत्सव का शुभारंभ करतीं राज्यमंत्री कृष्णा पासवान।

– दीपोत्सव के जरिए मंडी परिसर को दिया गया आकर्षक स्वरूप, साफ-सफाई और सजावट ने बढ़ाई रौनक

– राज्यमंत्री कृष्णा पासवान ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का किया शुभारंभ

– किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मंडी प्रशासन ने जताई प्रतिबद्धता

CITY NEWS FATEHPUR

खागा, फतेहपुर(CNF)। दीपावली के उल्लास के बीच खागा स्थित मंडी समिति में रोशनी और स्वच्छता का अनूठा संगम देखने को मिला। स्वच्छ मंडी, शुभ मंडी अभियान के अंतर्गत आयोजित दीपोत्सव में पूरा मंडी परिसर पांच सौ दीपों की रोशनी से नहा उठा। साफ-सुथरे परिसर और आकर्षक सजावट ने मंडी की तस्वीर बदल दी। इस आयोजन से किसानों और व्यापारियों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।

मुख्यमंत्री के निर्देशों एवं राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के निदेशक जितेन्द्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यमंत्री पशुधन एवं दुग्ध विकास कृष्णा पासवान ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अभियान के तहत मंडी परिसर में व्यापक सफाई के साथ रंगाई-पुताई कराई गई, जिससे पूरा परिसर स्वच्छ और आकर्षक नजर आया।

इस अवसर पर किसानों और व्यापारियों ने मंडी को बेहतर बनाने की पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छ वातावरण से यहां आने वाले लोगों को सकारात्मक अनुभव मिल रहा है। मंडी सचिव सतीश चंद्र तिवारी ने बताया कि किसानों की सुविधा और हितों को प्राथमिकता देते हुए मंडी में विभिन्न व्यवस्थाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि मंडी परिसर को साफ-सुथरा रखने के साथ भविष्य में भी इसकी सुंदरता और स्वच्छता बरकरार रखने का प्रयास जारी रहेगा।

उन्होंने बताया कि किसानों के लिए पारदर्शी नीलामी, उचित तौल और समय से भुगतान की व्यवस्था के अलावा विश्राम गृह, पेयजल, शौचालय, छायादार टिनशेड, पार्किंग तथा किसान सहायता केंद्र की सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके साथ ही कृषक दुर्घटना बीमा योजना और मंडी शुल्क से होने वाले विकास कार्यों के माध्यम से भी किसान हितों को आगे बढ़ाया जा रहा है।

दीपोत्सव में व्यापारी बृज किशोर, गोरे मौर्य, ओम प्रकाश, तेज प्रताप सिंह, निखिल, पिंटू, रजत, प्रवीण पाण्डेय, रामप्रताप, छोटू परिहार, अपर्णा गौतम, श्रीपाल, धर्मेंद्र परिहार, अन्नू कटियार, विमलेश पांडेय, राजेन्द्र यादव, सर्वेश यादव एवं महेंद्र सिंह भदौरिया सहित बड़ी संख्या में किसान, व्यापारी और मंडी कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now