डीएम को शिकायती पत्र सौंपता कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल।
– कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने डीएम से की शिकायत
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। नगर पालिका की ओर से शहर में की जा रही पेयजल आपूर्ति में बालू और प्रदूषित पानी आने से लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। हालात यह हैं कि कई मोहल्लों में नलों से साफ पानी के बजाय बालूयुक्त गंदा पानी निकल रहा है, जिससे लोगों के सामने पेयजल का संकट खड़ा हो गया है। इस गंभीर समस्या को लेकर सोमवार को शहर कांग्रेस अध्यक्ष मो. आरिफ गुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स से मुलाकात कर उन्हें नल से निकल रही बालू का वीडियो दिखाया और ज्ञापन सौंपकर तत्काल समाधान की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को बताया कि पेयजल में गंदगी और बालू आने की शिकायत पहले भी तत्कालीन जिलाधिकारी रवींद्र सिंह से की गई थी, लेकिन संबंधित अधिकारियों ने गलत रिपोर्ट भेजकर मामले को दबा दिया, जिसके कारण आज तक समस्या का समाधान नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि दूषित पानी की आपूर्ति से लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है और नगर पालिका इस ओर प्रभावी कदम नहीं उठा रही है। ज्ञापन में ज्वालागंज चैराहे पर लंबे समय से खराब पड़े हाईमास्ट लाइट को भी तत्काल ठीक कराने की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस चैराहे से रात में भारी वाहनों का आवागमन होता है, ऐसे में हाईमास्ट बंद रहने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इसके अलावा जीटी रोड पर निर्माणाधीन चैड़े नाले को पहले बेरुइहार नाले से जोड़कर जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने की मांग उठाई गई। प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि बरसात के दौरान कालिकन मंदिर तक जलभराव की स्थिति बन जाती है, जिससे आम लोगों और श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। श्रावण मास शुरू होने से पहले शहर के सभी नालों की सफाई कराने की भी मांग की गई, ताकि मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को जलभराव और गंदगी से जूझना न पड़े। प्रतिनिधिमंडल में अधिवक्ता आशीष गौड़, विधि प्रकोष्ठ के चेयरमैन आदित्य श्रीवास्तव, पार्टी प्रवक्ता ई. देवी प्रकाश दुबे, वरिष्ठ नेता कलीम उल्ला सिद्दीकी, बशीर अहमद, निजामुद्दीन सहित अन्य कांग्रेसी मौजूद रहे।
