वाहन चालक की जांच-पड़ताल करते पुलिस कर्मी।
– टीम ने 2.80 लाख का वसूला जुर्माना
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने शनिवार व रविवार की मध्य रात जिले के तीन प्रमुख टोल प्लाजाओं पर विशेष ड्रंक एंड ड्राइव अभियान चलाया। देर रात तक चली सघन चेकिंग में नशे की हालत में वाहन चलाने वालों और बिना नंबर प्लेट वाले मालवाहक वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 39 वाहनों के ई-चालान किए गए। इन पर कुल 2.80 लाख का जुर्माना लगाया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय के पर्यवेक्षण में यातायात पुलिस और संबंधित थानों की संयुक्त टीमों ने जिंदपुर (बहुआ), बड़ौरी और काटोघन टोल प्लाजों पर वाहनों की जांच की। चेकिंग के दौरान प्रत्येक वाहन चालक की बारीकी से जांच की गई और शराब के नशे में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की गई। जिंदपुर टोल प्लाजा पर यातायात प्रभारी निरीक्षक केशरी प्रसाद यादव, थाना ललौली की सीसी टीम-1 के प्रभारी उपनिरीक्षक एरिस पटेल ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया। बड़ौरी टोल प्लाजा पर टीएसआई अनिल कुमार और थाना कल्यानपुर की सीसी टीम के प्रभारी उपनिरीक्षक संजय सरोज ने वाहनों की जांच की। वहीं काटोघन टोल प्लाजा पर थाना खागा की सीसी टीम के प्रभारी कृष्ण कुमार यादव तथा टीएसआई बृजेश कुमार तिवारी ने अभियान की कमान संभाली। अभियान के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाते मिले 17 चालकों का ई-चालान कर उनके खिलाफ कुल 1.70 लाख का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट के चल रहे 22 माल वाहक वाहनों का भी चालान करते हुए 1.10 लाख का जुर्माना अधिरोपित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने वाहन चालकों से अपील की है कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात नियमों का पालन करें। नशे की हालत में वाहन चलाने से बचें, वाहन पर वैध नंबर प्लेट अवश्य लगाएं और सभी आवश्यक अभिलेख साथ रखें। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह लगातार अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now