CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 (द्वितीय चरण) के तहत संचालित परिवार परामर्श केंद्र एक बार फिर टूटते परिवार को जोड़ने में सफल रहा। पुलिस लाइन स्थित महिला सहायता प्रकोष्ठ/परिवार परामर्श केंद्र में बुधवार को हुई काउंसलिंग के दौरान एक दम्पति ने आपसी मतभेद समाप्त कर दोबारा साथ रहने का निर्णय लिया।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और पारिवारिक सौहार्द को बढ़ावा देने के उद्देश्य से परिवार परामर्श केंद्र में पति-पत्नी के बीच उत्पन्न विवादों का काउंसलिंग और मध्यस्थता के जरिए समाधान कराया जा रहा है। बुधवार को आयोजित काउंसलिंग में प्रभारी निरीक्षक संगीता सिंह, काउंसलर साधना देवी और दयाशंकर वर्मा ने दोनों पक्षों की बातें गंभीरता से सुनीं। समझाइश और आपसी सहमति के बाद दम्पति ने पुराने मनमुटाव को भुलाकर फिर से एक साथ जीवन बिताने का संकल्प लिया। काउंसलिंग के दौरान महिला आरक्षी शिप्रा पाठक और यशस्वी शर्मा भी मौजूद रहीं। पुलिस विभाग ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान के तहत परिवार परामर्श केंद्र लगातार पारिवारिक विवादों को सुलझाकर रिश्तों में विश्वास और सौहार्द कायम करने का कार्य कर रहा है।
