फोटो परिचय- फतेहपुर में मीडिया से बातचीत करते सपा प्रत्याशी एवं एमएलसी डॉ. मानसिंह यादव, साथ में पार्टी पदाधिकारी।

– डॉ. मानसिंह यादव बोले, अखिलेश यादव सरकार बनने पर शिक्षकों को देंगे सम्मान

– स्नातक चुनाव में भाजपा की तैयारी पर उठाए सवाल, युवाओं के साथ खड़े होने का किया दावा

सिटी न्यूज फतेहपुर

फतेहपुर(CNF)। इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी एवं विधान परिषद सदस्य डॉ. मानसिंह यादव ने मीडिया से बातचीत के दौरान भाजपा पर निशाना साधते हुए शिक्षकों, कर्मचारियों और युवाओं से जुड़े मुद्दे उठाए। उन्होंने कहा कि 23 अक्टूबर को होने वाले स्नातक चुनाव में फतेहपुर जिले के करीब 20 हजार मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

डॉ. यादव ने दावा किया कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने और शिक्षकों को सम्मान दिलाने की दिशा में काम करेंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में युवा अपने अधिकारों के लिए आवाज उठा रहे हैं और समाजवादी पार्टी उनके साथ खड़ी है। पार्टी की सरकार बनने पर युवाओं को भी सम्मान और अवसर देने का प्रयास किया जाएगा।

भाजपा पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि स्नातक निर्वाचन में पार्टी की तैयारियां कमजोर नजर आ रही हैं। उन्होंने इलाहाबाद-झांसी स्नातक सीट के भाजपा प्रत्याशी का जिक्र करते हुए अपनी बात रखी और सपा की मजबूती का दावा किया।

इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह यादव, महासचिव चौधरी मंजर यार, संतोष द्विवेदी, अरुणेश पांडे, पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव, विपिन यादव, सिद्धार्थ कोरी और नरेश कोरी सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now