फोटो परिचय- पुलिस लाइन में अभिलेखों का अवलोकन करते एसपी अभिमन्यु मांगलिक।
– साप्ताहिक परेड में शारीरिक दक्षता और ड्रिल सुधारने पर दिया जोर
– अर्दली रूम में अभिलेखों की जांच कर अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। पुलिस विभाग की व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने और जवानों की कार्यक्षमता में निरंतर सुधार लाने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने पुलिस लाइन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने साप्ताहिक परेड में शामिल पुलिस कर्मियों की सलामी ली और उनकी शारीरिक दक्षता, अनुशासन व टोलीवार अभ्यास का जायजा लिया।
परेड में पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं, यातायात पुलिस तथा पुलिस लाइन में तैनात अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। एसपी ने जवानों को नियमित व्यायाम और दौड़ के माध्यम से खुद को शारीरिक रूप से सक्षम बनाए रखने की हिदायत दी। इसके बाद पुलिस कर्मियों से दौड़ कराई गई और टोलीवार ड्रिल का अभ्यास कराया गया। उन्होंने परेड में एकरूपता, बेहतर तालमेल और अनुशासित प्रदर्शन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए।
परेड की समाप्ति के बाद पुलिस अधीक्षक ने साप्ताहिक अर्दली रूम में विभागीय कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान विभिन्न शाखाओं से संबंधित रजिस्टरों और अभिलेखों का बारीकी से परीक्षण किया। उन्होंने दस्तावेजों के रखरखाव, कार्यों के समयबद्ध निस्तारण और विभागीय व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के संबंध में संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी लाइन समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।




