फोटो परिचय- सोलर मॉडल विलेज परियोजना की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश देतीं डीएम निधि गुप्ता वत्स।
– सरकारी संस्थानों में स्थापित किए जाएंगे हाइब्रिड सोलर प्लांट, स्वच्छ ऊर्जा को मिलेगा बढ़ावा
– स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को सोलर योजनाओं से जोड़कर रोजगार के अवसर देने की पहल
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। ग्रामीण क्षेत्रों में ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोतों को बढ़ावा देने और बिजली पर निर्भरता कम करने के उद्देश्य से मलवां विकास खंड के मौहार गांव को सौर ऊर्जा के क्षेत्र में आदर्श गांव के रूप में विकसित किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत गांव के सरकारी संस्थानों में हाइब्रिड सोलर प्लांट लगाए जाएंगे। वहीं, स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को भी सौर ऊर्जा आधारित योजनाओं के माध्यम से आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की योजना तैयार की गई है।
परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने जिला स्तरीय समिति के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान मौहार गांव को सोलर मॉडल विलेज बनाने के लिए तैयार की गई विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया। डीएम ने अधिकारियों को शासन द्वारा निर्धारित मानकों और दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्ययोजना को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि गांव के विद्यालयों, पंचायत भवन, आरोग्य मंदिर, मिलन केंद्र और सामुदायिक शौचालय सहित सभी सरकारी भवनों को हाइब्रिड सोलर प्लांट की सुविधा से जोड़ा जाए। इससे सरकारी संस्थानों में स्वच्छ ऊर्जा का उपयोग बढ़ने के साथ बिजली की उपलब्धता भी बेहतर हो सकेगी।
उन्होंने महिला सशक्तीकरण पर जोर देते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को सौर ऊर्जा से संबंधित योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। इसके लिए पात्र महिलाओं को नियमानुसार 90 प्रतिशत अनुदान उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी कराई जाए, ताकि उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर मिल सकें।
डीएम ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर सभी औपचारिकताएं निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजना का क्रियान्वयन शासन की मंशा और निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, उप निदेशक कृषि, पीओ नेडा समेत जिला स्तरीय समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।




