फोटो परिचय- पटाखा बाजार के लिए स्थल का निरीक्षण करते प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी।
* दीपावली पर सुरक्षित आतिशबाजी बाजार बसाने में जुटा प्रशासन
* एसडीएम, सीओ और कोतवाल ने कई स्थानों का लिया जायजा
CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। दीपावली पर खागा का पटाखा बाजार इस बार नए ठिकाने पर सज सकता है। पुराने स्थल के पास पेट्रोल पंप खुलने से सुरक्षा का सवाल खड़ा हो गया है। संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन ने बाजार को दूसरी जगह स्थानांतरित करने की कवायद शुरू कर दी है। गुरुवार को अधिकारियों की टीम ने विभिन्न स्थानों का निरीक्षण कर उपयुक्त जगह की तलाश की।
अब तक लक्ष्मी राइस मिल परिसर में आतिशबाजी की दुकानें लगाई जाती थीं, लेकिन पेट्रोल पंप की नजदीकी के चलते इस स्थान पर पटाखा बाजार लगाने को लेकर सुरक्षा संबंधी चिंताएं बढ़ गई हैं। इसी के मद्देनजर जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रशासन ने वैकल्पिक स्थल तलाशने की प्रक्रिया तेज कर दी है।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम खागा अश्वनी कुमार पांडेय, सीओ रवि प्रकाश सिंह, नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी देवहूति पांडेय और कोतवाल संजय पांडेय ने लक्ष्मी राइस मिल परिसर सहित रानी चंद्रप्रभा महाविद्यालय के खेल मैदान का जायजा लिया। अधिकारियों ने स्थल की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था और पटाखों की दुकानों के संचालन की संभावनाओं का आकलन किया।
प्रशासन की प्राथमिकता ऐसा स्थान तय करना है, जहां दीपावली के दौरान खरीदारों की भीड़ के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना आसान हो। स्थल का चयन होने के बाद पटाखा विक्रेताओं को निर्धारित नियमों के तहत दुकानें आवंटित की जाएंगी। फिलहाल अंतिम निर्णय होना बाकी है। ऐसे में इस बार खागा का पटाखा बाजार किस स्थान पर लगेगा, इस पर व्यापारियों और आम लोगों की नजरें टिकी हैं।
