पुलिस टीम की गिरफ्त में हिस्ट्रीशीटर मुंशी।
– एक ही खतौनी व आधार से कराता था अपराधियों की जमानत
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जनपद में फर्जी जमानत के बड़े खेल का खुलासा करते हुए थरियांव पुलिस ने मंगलवार को एक शातिर हिस्ट्रीशीटर मुंशी को गिरफ्तार किया है। आरोपी कूटरचित दस्तावेज तैयार कर गंभीर आपराधिक मामलों में आरोपियों की फर्जी जमानत कराता था। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि वह एक ही खतौनी और आधार कार्ड की प्रतियों का बार-बार इस्तेमाल कर अलग-अलग मुकदमों में जमानत दिलाने का काम करता था, जिससे कई आरोपी जमानत मिलने के बाद फरार हो गए और न्यायिक प्रक्रिया प्रभावित हुई।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में अपराधियों एवं फर्जी जमानतदारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना थरियांव पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर सतीश चंद्र उर्फ सतीश लोधी निवासी ग्राम हसवा, कचहरी में मुंशीगिरी की आड़ में फर्जी दस्तावेज तैयार कर अपराधियों की जमानत कराता है। सूचना पर पुलिस ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि आरोपी ने जनपद के विभिन्न थानों से संबंधित करीब सात से आठ मुकदमों में एक ही खतौनी और आधार कार्ड का उपयोग कर फर्जी जमानत कराई थी। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से कई फर्जी जमानत प्रपत्र, कूटरचित दस्तावेज और विभिन्न मुकदमों में इस्तेमाल किए गए दस्तावेजों की प्रतियां बरामद हुईं। इस आधार पर थाना थरियांव में मु.अ.सं. 189/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से एक ही खतौनी क्रमांक 156827 और संबंधित अभिलेखों का बार-बार इस्तेमाल कर अलग-अलग आरोपियों की जमानत कराता था। उसने यह भी कबूल किया कि न्यायालय में प्रस्तुत किए गए दस्तावेज वास्तविक तथ्यों के अनुरूप नहीं थे। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी हिस्ट्रीशीटर (एच.एस. नंबर-812) है और उसके खिलाफ पहले से लूट, आम्र्स एक्ट, आबकारी अधिनियम तथा गुंडा एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं।
