तांबेश्वर चौराहे पर बारिश के बाद भरा पानी।

– वीआईपी रोड से तांबेश्वर चौराहे तक पानी का कब्जा, राहगीरों की बढ़ी परेशानी
– निचले इलाकों में घरों तक पहुंचा पानी, ग्रामीण क्षेत्रों में कच्चे मकान और फसलें प्रभावित

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। लगातार हो रही बारिश ने शहर की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है। घंटों हुई झमाझम बारिश के बाद शहर के कई प्रमुख मार्ग और मोहल्ले जलभराव की चपेट में आ गए। सड़कों पर पानी भरने से आवागमन प्रभावित रहा और लोगों को रोजमर्रा के कामों के लिए भी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर हालात ऐसे रहे कि सड़क और जलभराव में अंतर कर पाना मुश्किल हो गया।

शहर के वीआईपी रोड पर बारिश का पानी जमा होने से यातायात की रफ्तार धीमी पड़ गई। दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक दिक्कत उठानी पड़ी। वहीं तांबेश्वर चौराहे पर भी काफी देर तक पानी भरा रहा। चौराहे से निकलने वाले राहगीरों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। जलभराव के कारण आसपास के दुकानदारों को भी परेशानी हुई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान जलनिकासी की समस्या हर बार सामने आती है। नालियों की पर्याप्त सफाई नहीं होने और पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से थोड़ी देर की तेज बारिश में ही सड़कें जलमग्न हो जाती हैं। निचली बस्तियों में स्थिति और खराब रही। गलियों में पानी भरने से लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया।

ग्रामीण इलाकों में भी आफत

बारिश का असर शहर तक सीमित नहीं रहा। ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार बरसात से कच्चे और जर्जर मकानों के गिरने की घटनाएं सामने आईं। कई परिवारों के सामने आवास की समस्या खड़ी हो गई। मकानों के मलबे में दबने से घरेलू सामान के खराब होने की भी बात सामने आई। हालांकि कई स्थानों पर लोगों ने समय रहते घरों से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।

उधर, खेतों में पानी भरने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। कई खेत जलमग्न होने के कारण खड़ी फसलें पानी में डूब गईं। किसानों को आशंका है कि यदि बारिश का दौर इसी तरह जारी रहा तो फसलों को भारी नुकसान हो सकता है। लगातार मौसम की मार झेल रहे किसानों के लिए जलभराव ने परेशानी और बढ़ा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now