पुलिस कार्यालय में फरियादियों की शिकायत सुनते एसपी अभिमन्यु मांगलिक।
– जनसुनवाई में उमड़ रहे लोग, शिकायत सुनते ही संबंधित अफसरों को निर्देश
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। समस्या चाहे घर की हो या जमीन की, मुकदमे में कार्रवाई अटकी हो या पुलिस से जुड़ी कोई शिकायत, समाधान की उम्मीद लेकर लोग पुलिस अधीक्षक के दरबार तक पहुंच रहे हैं। बुधवार को भी पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान फरियादियों की आवाजाही बनी रही। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने एक-एक कर लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं एसपी के सामने रखीं। किसी ने पारिवारिक विवाद को लेकर शिकायत की तो कोई भूमि विवाद और मुकदमे से संबंधित समस्या लेकर पहुंचा। कुछ लोगों ने पुलिस स्तर पर कार्रवाई न होने की बात भी अधिकारियों के सामने रखी। एसपी ने शिकायतों को गंभीरता से सुनने के बाद संबंधित थाना प्रभारी और अधिकारियों से मामले की जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि मौके की वास्तविक स्थिति की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही फरियादियों की शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण पर भी जोर दिया।
एसपी की जनसुनवाई में लगातार पहुंच रहे फरियादियों से पुलिस कार्यालय में दिनभर चहल-पहल बनी रहती है। दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले लोग अपनी समस्या सीधे पुलिस अधीक्षक के सामने रखने को प्राथमिकता दे रहे हैं। फरियादियों को उम्मीद है कि उनकी शिकायत पर अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी और लंबे समय से लंबित मामलों में कार्रवाई का रास्ता साफ होगा।
जनसुनवाई के दौरान एसपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पीड़ित की शिकायत को गंभीरता से लिया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। शिकायतों के प्रभावी निस्तारण को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से लगातार निगरानी किए जाने की बात भी कही गई।
