बारिश के बीच धराशायी कच्चे मकान का दृश्य।

– सुकेती गांव में दर्दनाक हादसा, पत्नी और सात वर्षीय बेटा गंभीर घायल
– चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीण, मलबा हटाकर तीनों को निकाला बाहर

CITY NEWS FATEHPUR 

फतेहपुर(CNF)। लगातार बरस रही बारिश ने सुकेती गांव में एक परिवार पर कहर बरपा दिया। बुधवार सुबह अचानक कच्चा मकान भरभराकर ढह गया। हादसे के समय घर के अंदर मौजूद परिवार के तीन सदस्य मलबे में दब गए। ग्रामीणों ने जान की बाजी लगाकर राहत कार्य शुरू किया और मलबा हटाकर तीनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक 40 वर्षीय रोशन की मौत हो चुकी थी। उसकी पत्नी वंदना और सात वर्षीय बेटा नैतिक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गाजीपुर थाना क्षेत्र के सुकेती गांव में बुधवार सुबह बारिश के दौरान रोशन अपने परिवार के साथ घर के अंदर था। लगातार बारिश के कारण मकान की दीवारें अचानक कमजोर हुईं और देखते ही देखते पूरा कच्चा मकान धराशायी हो गया। मकान गिरते ही परिवार के सदस्य मलबे के नीचे दब गए। धमाके जैसी आवाज और चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बिना देर किए बचाव कार्य शुरू कर दिया।

ग्रामीणों ने हाथों और उपलब्ध साधनों से मलबा हटाकर रोशन, उसकी पत्नी वंदना और बेटे नैतिक को बाहर निकाला। हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था कराई। जांच के दौरान रोशन की मौत की पुष्टि हुई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

हादसे में परिवार के दो अन्य छोटे बच्चे बाल-बाल बच गए। बताया गया कि हादसे के समय दोनों मकान के बाहर खेल रहे थे। यदि वे घर के अंदर होते तो हादसा और भी भयावह हो सकता था।

प्रथम दृष्टया लगातार बारिश और जलभराव के कारण मकान की नींव व दीवारें कमजोर होने को हादसे की वजह माना जा रहा है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now