घर के किचेन में भरे पानी को दिखाते पूर्व डीआईजी।
– पूर्व डीआईजी ने वीडियो जारी कर नगर की जलनिकासी व्यवस्था पर उठाए सवाल
– बोले- हर बारिश में दोहराती है समस्या, स्थायी समाधान की जरूरत
CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। दो दिनों से हो रही लगातार बारिश ने खागा नगर की जलनिकासी व्यवस्था की हकीकत सामने ला दी। तेज बारिश के बाद नगर के कई मोहल्लों और गलियों में जलभराव हो गया। हालात इतने खराब रहे कि कई स्थानों पर पानी घरों के अंदर तक पहुंच गया। इससे लोगों को आवागमन के साथ ही घरेलू कामकाज में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
खागा निवासी पूर्व डीआईजी एवं सपा नेता रामतीर्थ परमहंस ने जलभराव का वीडियो सोशल मीडिया पर जारी कर नगर की बदहाल स्थिति को सामने रखा। वीडियो में वह अपने घर के कमरों और किचन में भरे पानी को दिखाते हुए जलनिकासी की व्यवस्था पर सवाल खड़े करते नजर आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बारिश के बाद नगर की गलियों में घंटों पानी जमा रहता है। कई जगह स्थिति ऐसी बन जाती है कि लोगों को जरूरी काम से निकलने के लिए पानी से होकर गुजरना पड़ता है। कपड़े गंदे होने से बचाने के लिए लोग पैंट-पायजामा उतारकर हाफ पैंट में पानी पार करने को मजबूर होते हैं और इसके बाद वाहनों में बैठकर कपड़े बदलने की स्थिति बनती है।
पूर्व डीआईजी ने कहा कि खागा नगर में जलनिकासी की समस्या कोई नई नहीं है। प्रत्येक बारिश में जलभराव की स्थिति सामने आती है, बावजूद इसके स्थायी समाधान के लिए प्रभावी इंतजाम नहीं किए गए। उन्होंने सरकार और जिला प्रशासन से नगर की जलनिकासी व्यवस्था की समीक्षा कर नालों की सफाई और पानी निकासी के स्थायी इंतजाम कराने की मांग की।
उधर, बारिश के बाद जलभराव से परेशान स्थानीय लोगों का कहना है कि नालों की नियमित सफाई और बेहतर जलनिकासी व्यवस्था के अभाव में समस्या लगातार बढ़ रही है। लोगों ने प्रशासन से बारिश के दौरान जलभराव वाले स्थानों को चिह्नित कर स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
