फोटो परिचय- जागरूकता कार्यक्रम में शामिल छात्र-छात्राएं एवं अतिथि।
– पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों से कराया अवगत, बाल शोषण के खिलाफ आवाज उठाने की अपील
– निबंध प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को मेडल देकर किया सम्मानित
CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने और बाल अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से हथगाम क्षेत्र के मनमोहनपुर स्थित पितम्बर लाल इंटर कॉलेज में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। ग्रामीण परंपरा विकास संस्थान के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) तथा चाइल्ड लाइन के प्रतिनिधियों ने करीब 400 छात्र-छात्राओं को बाल सुरक्षा, कानूनी अधिकारों और पॉक्सो एक्ट के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष मजिस्ट्रेट राजेंद्र प्रसाद साहू ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार का अनुचित व्यवहार या शोषण होने पर उसे छिपाने के बजाय तत्काल अभिभावकों, शिक्षकों अथवा भरोसेमंद व्यक्ति को इसकी जानकारी दें। उन्होंने पॉक्सो एक्ट के तहत बच्चों को प्राप्त कानूनी संरक्षण के बारे में विस्तार से बताया।
समिति सदस्य मजिस्ट्रेट रामकृष्ण पांडेय ने रामचरितमानस की चौपाइयों के माध्यम से विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों, अनुशासन और गुरुजनों व माता-पिता के प्रति सम्मान की सीख दी। चाइल्ड लाइन के काउंसलर अंकित जायसवाल ने मुसीबत में फंसे बच्चों को मिलने वाली सहायता और संबंधित सेवाओं की जानकारी साझा की। वहीं एएचटीयू के उपनिरीक्षक हरिनारायण शुक्ला एवं महिला कांस्टेबल सरिता ने मानव तस्करी, बाल श्रम और बाल शोषण से जुड़े अपराधों तथा उनसे बचाव के कानूनी उपायों पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर बाल विवाह, बाल श्रम, बाल अपराध और पॉक्सो एक्ट विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें शांति देवी ने प्रथम, स्वाति देवी ने द्वितीय तथा उम्मुलवरा ने तृतीय स्थान हासिल किया। सफल प्रतिभागियों को मेडल एवं प्रतीक चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
संस्था के जिला समन्वयक पुष्पेंद्र कुमार ने संगठन की ओर से संचालित गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि बच्चों का सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करने के लिए समाज, शिक्षण संस्थानों और प्रशासन की सामूहिक भागीदारी जरूरी है। बाल विवाह और बाल श्रम जैसी कुप्रथाओं को समाप्त करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
इस मौके पर आशुतोष कुमार उर्फ सोनू मोदनवाल, सुधांशु द्विवेदी, विद्यालय की प्रधानाचार्या उर्मिला सिंह लोधी, रमेश चंद्र, मालिकदीन, राममनोहर, रहीमाल, रोहित, दलजीत और अशोक कुमार द्विवेदी सहित विद्यालय के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
