फोटो परिचय- (2) खागा रेलवे स्टेशन पर पदक विजेता छात्राओं का स्वागत करते अधिकारी व शिक्षक।
प्रयागराज मंडल की टीम ने गोरखपुर में दिखाया दमखम, ऐरायां व विजयीपुर की छात्राओं ने बढ़ाया जिले का गौरव
खागा स्टेशन पहुंचने पर शिक्षकों ने फूल-मालाओं से किया स्वागत, मिठाई खिलाकर बढ़ाया हौसला
CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। मेहनत, लगन और खेल के मैदान में शानदार प्रदर्शन के दम पर फतेहपुर की बेटियों ने एक बार फिर जनपद का नाम रोशन किया है। प्रदेश स्तरीय अंडर-14 बास्केटबॉल प्रतियोगिता में प्रयागराज मंडल का प्रतिनिधित्व करने वाली जिले की छात्राओं ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। पदक जीतकर वापस लौटीं छात्राओं के सम्मान में खागा रेलवे स्टेशन पर शिक्षकों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने जोरदार स्वागत किया।
गोरखपुर के सैयद मोदी रेलवे स्टेडियम में आयोजित प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में विभिन्न मंडलों की टीमों ने हिस्सा लिया। प्रयागराज मंडल की टीम में फतेहपुर के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय ऐरायां और विजयीपुर की छात्राएं शामिल थीं। मंडल स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर विजेता बनी टीम ने प्रदेश स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया और प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक अपने नाम किया।
ऐरायां की टीम में शिवानी, मोनिका, जया, रुचि, मेनका, आरोही, पायल, शालिनी, रुचि द्वितीय और रंजना ने प्रतिभाग किया। छात्राओं को खेल अध्यापिका सरोज देवी ने प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन दिया। वहीं विजयीपुर की खुशी कुमारी, दीपिका, रौशनी, मुस्कान, महिमा, रजनी, राजवती और लक्ष्मी ने टीम का हिस्सा बनकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इन छात्राओं को खेल शिक्षक भूपेंद्र सिंह ने प्रशिक्षित किया।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज, गोरखपुर में खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पदक लेकर जिले में लौटने की खबर मिलते ही खागा रेलवे स्टेशन पर शिक्षा विभाग के अधिकारी और शिक्षक छात्राओं के स्वागत के लिए पहुंच गए। स्टेशन पर पहुंचते ही छात्राओं का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। आरती उतारकर और मिठाई खिलाकर उनकी उपलब्धि का उत्साहपूर्वक अभिनंदन किया गया।
यह सम्मान समारोह जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रिंसी मौर्या के निर्देशन में आयोजित हुआ। इस दौरान बीईओ मुख्यालय नरेन्द्र सिंह, सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी दीपक कुमार पाण्डेय, जिला समन्वयक बालिका शिक्षा शीलू त्रिपाठी, प्रशिक्षण समन्वयक अशोक त्रिपाठी, बीईओ रत्नामणि मिश्रा, बीईओ रजनीश श्रीवास्तव, वार्डन रेखा शुक्ला और मंजू यादव सहित करीब डेढ़ दर्जन शिक्षक मौजूद रहे।
इसके अलावा राज्य संसाधन समूह सदस्य जयचंद्र पाण्डेय, लेखाकार संजय पाण्डेय, अर्पित त्रिपाठी, एआरपी तथा शिक्षिकाओं ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। छात्राओं की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार, शिक्षा विभाग और अभिभावकों में खुशी का माहौल है। शिक्षकों ने कहा कि बेटियों को खेलों के लिए बेहतर अवसर और प्रोत्साहन मिलने से वे आगे भी जिले का नाम प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर सकती हैं।
