फोटो परिचय-  संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याएं सुनतीं डीएम निधि गुप्ता वत्स व एसपी अभिमन्यु मांगलिक।

संपूर्ण समाधान दिवस में 27 शिकायतें तत्काल निपटीं, बाकी मामलों में समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

CITY NEWS FATEHPUR

बिंदकी, फतेहपुर(CNF)। तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की भीड़ उमड़ी। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने संयुक्त रूप से लोगों की समस्याएं सुनीं। विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 213 शिकायतें अधिकारियों के सामने पहुंचीं। इनमें से 27 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए निर्धारित समय में कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, पेंशन, सिंचाई, नलकूप और राजस्व सहित कई विभागों से संबंधित शिकायतें सामने आईं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी शिकायत को महज औपचारिकता पूरी करके बंद न किया जाए, बल्कि मौके पर जांच कराकर उसका गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।

डीएम ने कहा कि शिकायतों का निस्तारण तभी सार्थक माना जाएगा, जब फरियादी भी उससे संतुष्ट हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आईजीआरएस समेत शिकायत प्राप्ति के सभी माध्यमों से आने वाले प्रार्थना पत्रों की नियमित समीक्षा की जाए। निस्तारित मामलों की क्रास चेकिंग कराने के साथ शिकायतकर्ताओं से फोन पर फीडबैक लेकर यह भी सुनिश्चित किया जाए कि समस्या वास्तव में दूर हुई है या नहीं।

उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही, खानापूर्ति या गलत रिपोर्ट मिलने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी की जवाबदेही तय की जाएगी।

एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने फरियादियों की समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और तत्परता बरतने पर जोर दिया।

समाधान दिवस परिसर में विभिन्न विभागों की ओर से जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टाल भी लगाए गए। यहां लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों के आवेदन भी लिए गए।

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी बिंदकी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, उपायुक्त मनरेगा, उपायुक्त श्रम रोजगार, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, एलडीएम, जिला कृषि अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, खंड विकास अधिकारी सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now