प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन सौंपती जिलाध्यक्ष रानी देवी पटेल।
– 18 व 24 हजार रुपये मासिक वेतन, सामाजिक सुरक्षा, बीमा, स्कूटी की उठी मांग
CITY NEWS FATEHPUR 
फतेहपुर(CNF)। अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर गुरूवार को जिले की आशा और आशा संगिनी कर्मियों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। उन्होंने जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम दस सूत्रीय ज्ञापन सौंपते हुए मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।
आशा कार्यकर्ताओं ने आशा/आशा संगिनी कर्मचारी संगठन की जिलाध्यक्ष रानी देवी पटेल की अगुवई में दिए गए ज्ञापन में कहा कि वे वर्षों से स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ बनकर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, परिवार कल्याण और जनस्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों का निर्वहन कर रही हैं, लेकिन आज भी उन्हें सम्मानजनक वेतन और सामाजिक सुरक्षा का लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं को 18 हजार रुपये तथा आशा संगिनी को 24 हजार रुपये मासिक वेतन दिए जाने की मांग उठाई। साथ ही नियमित वेतन व्यवस्था लागू होने तक वर्तमान इंसेंटिव राशि को दोगुना करने की भी मांग की। ज्ञापन में ईपीएफ, ईएसआई सहित अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ, आशा संगिनी को सुपरवाइजर का दर्जा, कार्य के लिए 5जी मोबाइल या टैबलेट उपलब्ध कराने तथा इलेक्ट्रिक स्कूटी या यात्रा भत्ता दिए जाने की मांग भी शामिल रही। इसके अलावा आशा और आशा संगिनी कर्मियों ने 10 लाख रुपये का जीवन बीमा, दुर्घटना की स्थिति में उचित मुआवजा, सेवानिवृत्ति पर 10 लाख रुपये की सहायता राशि, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ तथा परिवार सहित आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना में अधिकतम आयु सीमा 40 वर्ष से बढ़ाकर 60 वर्ष किए जाने की भी मांग उठाई। आशा कर्मियों का कहना है कि कोरोना महामारी से लेकर आज तक उन्होंने हर परिस्थिति में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाई हैं। इसके बावजूद उन्हें अपेक्षित सुविधाएं और आर्थिक सुरक्षा नहीं मिल सकी है। उन्होंने केंद्र सरकार से उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर सम्मानजनक वेतन, सामाजिक सुरक्षा और बेहतर कार्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की अपील की। प्रदर्शन के बाद आशा और आशा संगिनी कर्मियों ने उम्मीद जताई कि सरकार उनकी 10 सूत्रीय मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेकर उनके हित में ठोस कदम उठाएगी। इस मौके पर पुष्पा देवी, कमलेश देवी, आशा देवी, सीमा देवी, दयावती, कृष्णा पाल, सोमवती, विमला देवी, बसंत कुमारी, सुनीता देवी, शकुन्तला आदि मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now