डीएम को ज्ञापन देने जाते ग्रामीण।
– प्रधान व राजस्व कर्मियों की मिलीभगत से अपात्रों को पट्टा देने का आरोप
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा अभयपुर के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर सरकारी अभिलेखों में कथित हेराफेरी कर अवैध पट्टे किए जाने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। समाजसेवी राघवेंद्र सिंह के नेतृत्व में जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उनकी भूमि पर सरकारी दस्तावेजों में कथित रूप से हेराफेरी कर तत्कालीन लेखपाल, उनकी टीम, ग्राम प्रधान तथा पंचायत मित्र की मिलीभगत से अवैध पट्टे कराए गए। ग्रामीणों ने इस मामले की शिकायत पहले भी 11 जून को जिलाधिकारी से की गई थी, जिसके बाद जांच के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अब तक दोषियों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि पंचायत मित्र रामचंद्र द्वारा वर्ष 2006 से लगातार अपने परिजनों और अन्य लोगों के नाम पर नियमों के विपरीत कई पट्टे कराए गए। ग्रामीणों का कहना है कि जिन लोगों को पट्टे दिए गए हैं, उनमें कई ग्रामसभा के मूल निवासी भी नहीं हैं और सरकारी अभिलेखों में गलत जानकारी दर्ज कर लाभ पहुंचाया गया है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि जिन लोगों के पट्टे किए गए हैं व पूर्णतया अपात्र है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच कराकर सभी अवैध पट्टों को निरस्त करने तथा लेखपाल, पंचायत मित्र, संबंधित अधिकारियों एवं अन्य दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग किया। इस मौके पर पुत्तन, मुखिया, जगमोहन, बाबू, बेचालाल, सोनू, रामसखी, रामपति, मीना, विदान देवी, मेवालाल, रामराज, रामकुमार, प्रेमशंकर, संतराम, राजू, सुनील, पूरनचन्द्र, नीरज, रामआसरे आदि रहे।
