– एंटी रोमियो टीमों ने बाजारों व सार्वजनिक स्थलों पर चलाया अभियान
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में जनपद भर में संचालित मिशन शक्ति 5.0 (फेज-2) अभियान के अंतर्गत सभी थानों की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीमों द्वारा महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत पुलिस टीमों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं, बालिकाओं एवं आमजन को महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। साथ ही ग्राम चौपालों का आयोजन कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं और उनके त्वरित एवं विधिसम्मत निस्तारण के लिए संवाद स्थापित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों की रोकथाम, उनके कानूनी अधिकारों, आत्मरक्षा के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान प्रतिभागियों को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, एंबुलेंस सेवा 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा साइबर अपराध पोर्टल के बारे में अवगत कराया गया और जरूरत पड़ने पर इन सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस विभाग ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। अभियान के माध्यम से जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
