फोटो परिचय- मुत्तौर गांव में चोरी की घटना का जायजा लेते एसपी अभिमन्यु मांगलिक।
– पीड़ित परिवार से मुलाकात कर जुटाई घटना की जानकारी
– पुलिस टीमों को साक्ष्य जुटाने और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश
– चोरी गए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी पर दिया जोर
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। ललौली थाना क्षेत्र के मुत्तौर गांव में चोरी की वारदात सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक मंगलवार को स्वयं गांव पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर वारदात से जुड़ी जानकारी प्राप्त की और घटना के हालात समझे।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से अब तक की जांच और जुटाए गए साक्ष्यों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने घटनास्थल से जुड़े प्रत्येक पहलू की गहनता से पड़ताल करने और संदिग्ध गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी जाफरगंज तथा ललौली थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि चोरी की वारदात का खुलासा करने में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जांच में तकनीकी संसाधनों और उपलब्ध साक्ष्यों का प्रभावी इस्तेमाल करते हुए आरोपियों तक पहुंचा जाए। साथ ही चोरी में शामिल लोगों को चिह्नित कर जल्द गिरफ्तार करने और चोरी गए सामान की पूरी बरामदगी सुनिश्चित करने के लिए ठोस कार्रवाई की जाए। एसपी ने समयबद्ध जांच पूरी कर घटना का शीघ्र पर्दाफाश करने पर विशेष जोर दिया।
