फोटो परिचय- शिकायत में चर्चा में आया हिमशंकर विजय तेल।
– बहुआ की शिवहरे फार्मेसी पर हिमशंकर विजय तेल के अवैध उत्पादन का दावा
– चित्रकूट की फार्मेसी ने ट्रेडमार्क और अधिकारों के उल्लंघन की उठाई शिकायत
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। आयुर्वेदिक औषधियों के निर्माण और बिक्री को लेकर जिले में एक नया विवाद सामने आया है। बहुआ स्थित शिवहरे फार्मेसी पर लाइसेंस निरस्त होने के बावजूद हिमशंकर विजय तेल का निर्माण और बाजार में आपूर्ति किए जाने का आरोप लगा है। मामले को लेकर चित्रकूट के रामघाट स्थित तपसी सेवा आश्रम फार्मेसी ने विभागीय अधिकारियों से शिकायत कर पूरे प्रकरण की जांच कराने की मांग की है।
शिकायतकर्ता संस्था के अनुसार शिवहरे फार्मेसी का लाइसेंस संख्या ए-1745/89 पहले ही निरस्त किया जा चुका है। इसके बावजूद संबंधित फर्म द्वारा हिमशंकर विजय तेल तैयार कर फतेहपुर, चित्रकूट सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों में बेचे जाने की बात कही गई है। संस्था ने अपने शिकायती पत्र में दावा किया है कि हिमशंकर विजय तेल उसका स्वीकृत उत्पाद है और इससे संबंधित ट्रेडमार्क, कॉपीराइट तथा पेटेंट योग के अधिकार भी उसके पास सुरक्षित हैं।
तपसी सेवा आश्रम फार्मेसी ने आशंका जताई है कि बिना वैध लाइसेंस और अधिकृत अनुमति के उक्त नाम से तेल का निर्माण एवं कारोबार किया जा रहा है। संस्था ने विभाग से संबंधित प्रतिष्ठान और संभावित बिक्री केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। साथ ही आरोपों की पुष्टि होने पर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई किए जाने की भी अपील की है।
उधर, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी रईस अहमद सिद्दीकी ने बताया कि विभागीय टीम संबंधित स्थान पर दो बार जांच कर चुकी है। उस दौरान मौके पर तेल का निर्माण होता हुआ नहीं मिला था। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि इसके बाद भी चोरी-छिपे अवैध निर्माण और बिक्री की जा रही है तो यह गंभीर मामला है। शिकायत में लगाए गए आरोप जांच में सही पाए जाने पर संबंधित पक्ष के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




