– पति के सूरत जाने के बाद सास-ससुर के साथ रह रही थी महिला
– पिता का आरोप, बेटी को जबरन जहरीला पदार्थ खिलाया; घटना के बाद घर में ताला लगाकर हुए गायब
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। बकेवर थाना क्षेत्र के नारामऊ गांव में सोमवार शाम 24 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मृतका के पिता ने अपनी बेटी की सास और ससुर पर जबरन जहरीला पदार्थ खिलाने का आरोप लगाया है।
जानकारी के मुताबिक, नारामऊ निवासी ओम प्रकाश की पत्नी रेखा देवी ने सोमवार शाम जहरीला पदार्थ खा लिया था। तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन उपचार मिलने से पहले ही उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमार्टम हाउस में मृतका के पिता संतराम निवासी शिवपुरी, थाना जाफरगंज ने बताया कि उन्होंने सात वर्ष पहले बेटी की शादी रामसजीवन के पुत्र ओम प्रकाश से की थी। करीब दस दिन पहले दामाद रोजगार के सिलसिले में सूरत चला गया था। पिता का आरोप है कि घर पर मौजूद सास-ससुर आए दिन बेटी से गाली-गलौज करते थे और सोमवार शाम उसे जबरन जहरीला पदार्थ खिला दिया।
पिता ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद सास-ससुर घर में ताला लगाकर चले गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
