– जजमेंट जंक्शन की ओर से ऑनलाइन संगोष्ठी में न्याय, समानता और नागरिक अधिकारों पर हुई चर्चा

– न्यायिक, विधिक और मीडिया क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों ने साझा किए विचार

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। संविधान दिवस के मौके पर संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियादी समझ विकसित करने के उद्देश्य से विधिक एवं शैक्षणिक मंच जजमेंट जंक्शन ने गुरुवार को ऑनलाइन संगोष्ठी का आयोजन किया। इसमें न्यायिक, विधिक, शैक्षणिक और पत्रकारिता जगत से जुड़े विशेषज्ञों ने भाग लेकर संविधान की प्रासंगिकता पर विचार रखे।

कार्यक्रम की शुरुआत संविधान निर्माण में योगदान देने वाले महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। परिचर्चा में पूर्व न्यायाधीश, क्वालिफाइड कंपनी सेक्रेटरी, क्वालिफाइड इंडिपेंडेंट डायरेक्टर एवं पॉक्सो विशेषज्ञ आयुषी उपाध्याय, सहायक प्रोफेसर राहुल सिंह, इलाहाबाद उच्च न्यायालय के अधिवक्ता रवि झा, सर्वोच्च न्यायालय के अधिवक्ता एवं बार सदस्य आयुष कुमार, पत्रकार सुमित शर्मा तथा हाईकोर्ट अधिवक्ता एवं फॉरेंसिक व क्रिमिनोलॉजी विशेषज्ञ आयुष्य अवस्थी ने अपने विचार व्यक्त किए।

वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संविधान केवल शासन संचालन का दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, नागरिक स्वतंत्रता और सामाजिक न्याय का मजबूत आधार है। उन्होंने विधि के शासन, समानता के अधिकार, व्यक्तिगत स्वतंत्रता और संवैधानिक मर्यादाओं के महत्व को रेखांकित करते हुए नागरिकों से अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन एवं संयोजन अधिवक्ता तथा कानपुर बार एसोसिएशन के सदस्य मनमोहन अवस्थी ने किया। इस अवसर पर पत्रकार राहुल यादव, अधिवक्ता अनंत सिंह, कुलदीप पटेल और बिंदकिशोर के अलावा विधि के विद्यार्थियों ने भी सहभागिता की।

अंत में संविधान की प्रस्तावना में वर्णित आदर्शों को आत्मसात करने और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए निरंतर प्रयासरत रहने के संकल्प के साथ परिचर्चा का समापन हुआ।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now