फोटो परिचय- पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन करते सपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता।

– जिलाध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह ने वैज्ञानिक उपलब्धियों और राष्ट्रसेवा को किया रेखांकित
– युवाओं से बड़े लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। समाजवादी पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर गुरुवार को पार्टी कार्यालय में पूर्व राष्ट्रपति एवं प्रख्यात वैज्ञानिक डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती मनाई गई। सपाइयों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और देश के वैज्ञानिक विकास में उनके योगदान को याद किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह ने की, जबकि संचालन जिला महासचिव चौधरी मंजर यार ने किया।

गोष्ठी में जिलाध्यक्ष ने कहा कि डॉ. कलाम ने अपने ज्ञान, मेहनत और दूरदर्शी सोच से भारत को विज्ञान एवं रक्षा तकनीक के क्षेत्र में नई पहचान दिलाई। इसरो में रहते हुए एसएलवी-3 के विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसी प्रक्षेपण यान से वर्ष 1980 में रोहिणी उपग्रह को अंतरिक्ष की कक्षा में स्थापित किया गया। अग्नि और पृथ्वी मिसाइलों के विकास में उनके योगदान ने देश की सामरिक क्षमताओं को मजबूती प्रदान की।

उन्होंने कहा कि डॉ. कलाम का जीवन सादगी, संघर्ष, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम का प्रेरक उदाहरण है। राष्ट्रपति के रूप में भी उन्होंने युवाओं और विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उनके विचार आज भी नई पीढ़ी को बड़े सपने देखने, लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और देश के विकास में भागीदारी निभाने की सीख देते हैं।

इस अवसर पर डॉ. अशोक पटेल, रीता प्रजापति, डॉ. रामनरेश पटेल, डीजी कुशवाहा, मोइन खान, महफूज खान, परवेज आलम, सुहैल खान, रईस खान, इंदल सिंह, नागेंद्र यादव, रत्नेश रत्ना, विमलेश पटेल, मोबिन खान, मुनेश तिवारी, कामता प्रसाद, ब्रजेंद्र कुमार, कुलदीप सिंह और दिनेश सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now