– 21 अगस्त से होगी विशेष लोक अदालत
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। आमजन को सरल, सस्ता और सुलभ न्याय उपलब्ध कराने की दिशा में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने समाधान समारोह 2026 अभियान को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। सचिव (पूर्णकालिक) जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि भारत के सर्वाेच्च न्यायालय के निर्देश पर 21 अप्रैल से समाधान समारोह 2026 की शुरुआत हो चुकी है। जिसका समापन 21, 22 और 23 अगस्त को आयोजित होने वाली विशेष लोक अदालत के साथ होगा।
बताया गया कि विशेष लोक अदालत का आयोजन सर्वाेच्च न्यायालय परिसर में किया जाएगा, जिसमें सर्वाेच्च न्यायालय में लंबित मामलों का निस्तारण आपसी सहमति और सुलह-समझौते के माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए पहले से ही सुलह बैठकों का दौर शुरू हो चुका है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अनुसार राज्य, जिला, तालुका और उच्च न्यायालय विधिक सेवा प्राधिकरणों के मध्यस्थता केंद्रों पर लगातार सुलह वार्ताएं आयोजित की जा रही हैं। इन बैठकों में प्रशिक्षित मध्यस्थ और विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी पक्षकारों के बीच संवाद स्थापित कर विवादों के शांतिपूर्ण समाधान का प्रयास करेंगे। प्राधिकरण ने अधिवक्ताओं, वादकारियों और अन्य संबंधित पक्षों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि पक्षकार चाहें तो सशरीर अथवा वर्चुअल माध्यम से भी इन सुलह बैठकों में शामिल हो सकते हैं। अधिकारियों ने कहा कि समाधान समारोह 2026 का उद्देश्य न्याय प्रक्रिया को आसान बनाते हुए लोगों को लंबी कानूनी लड़ाई से राहत दिलाना और आपसी सहमति के जरिए विवादों का त्वरित निस्तारण कराना है।
