फोटो परिचय- (2) कलक्ट्रेट परिसर में मांगों को लेकर प्रदर्शन करतीं गुलाबी गैंग की महिलाएं।

– जल जीवन मिशन, आवास योजना और स्वास्थ्य सेवाओं में अनियमितताओं पर जताया विरोध

– टोल प्लाजा पर कथित अवैध वसूली रोकने सहित जनसमस्याओं के समाधान की मांग

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। जनपद में व्याप्त जनसमस्याओं और सरकारी व्यवस्थाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की महिलाओं ने गुरुवार को प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमलता पटेल की अगुवाई में गुलाबी साड़ी पहने और हाथों में डंडे लेकर पहुंचीं सैकड़ों महिलाओं ने कलक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। इसके बाद जिलाधिकारी को सात सूत्रीय मांग पत्र सौंपकर समस्याओं के शीघ्र निस्तारण की मांग उठाई।

संगठन ने ग्रामीण क्षेत्रों में जल जीवन मिशन की बदहाल स्थिति पर सवाल उठाते हुए बहुआ ब्लॉक के सुजानपुर, बहुआ देहात समेत अन्य गांवों में निर्मित पानी की टंकियों को तत्काल संचालित कराने और योजना के तहत खोदी गई सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की। प्रधानमंत्री आवास योजना में पात्र गरीबों को लाभ से वंचित किए जाने का मुद्दा उठाते हुए निष्पक्ष जांच के बाद जरूरतमंदों को योजना में शामिल करने की मांग भी रखी।

महिलाओं ने फतेहपुर-बांदा सागर मार्ग स्थित जिंदपुर टोल प्लाजा पर राहगीरों के साथ कथित अभद्रता और ओवरलोडिंग के नाम पर अवैध वसूली की शिकायतों पर कार्रवाई की मांग की। शहर में जाम और हादसों का कारण बन रहे जर्जर बिजली के खंभों को हटाने तथा पटाखा मंडी में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित कराने पर भी जोर दिया। साथ ही पटाखा कारोबारियों के उत्पीड़न पर रोक लगाने की मांग की गई।

ज्ञापन में थानों में महिलाओं और पीड़ितों की शिकायतों को गंभीरता से लेकर निर्धारित समय में कार्रवाई करने तथा जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज और बहुआ पीएचसी में बाहर की दवाएं लिखने एवं मरीजों से कथित अवैध वसूली की शिकायतों पर अंकुश लगाने की मांग भी शामिल रही।

प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष सरला सिंह, मीना सिंह, संगीता, सरिता, राजरानी, सुमन, सत्यवती, गुड्डी, संयोगिता, रजिया, साजिदा, सतून, शहरुन, उर्मिला समेत बड़ी संख्या में संगठन की महिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now