फोटो परिचय- बैठक को संबोधित करते अध्यक्ष विद्याभूषण तिवारी।
निजी अस्पतालों में मरीजों के कथित आर्थिक शोषण और अव्यवस्थाओं के खिलाफ जुटाई जा रही जानकारी
सिटी न्यूज फतेहपुर
फतेहपुर(CNF)। जिले की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर पूर्व सैनिक उत्थान एवं लोक कल्याण समिति ने मोर्चा खोल दिया है। रविवार को सूबेदार प्यारे लाल की अध्यक्षता में हुई मासिक बैठक में सरकारी अस्पतालों की व्यवस्थाओं और निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली पर गंभीर नाराजगी जताई गई। समिति ने वर्ष 2026 में स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार को लेकर व्यापक अभियान चलाने का निर्णय लिया।
समिति के अध्यक्ष विद्याभूषण तिवारी ने कहा कि निजी अस्पतालों में मरीजों से कथित मनमानी वसूली और आर्थिक शोषण से जुड़ी शिकायतों की जानकारी जुटाई जा रही है। अभियान के दौरान सामने आने वाले तथ्यों को जिला प्रशासन के समक्ष रखकर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की जाएगी।
बैठक में सरकारी अस्पतालों से मरीजों को निजी अस्पतालों में भेजे जाने के आरोपों को भी गंभीरता से उठाया गया। महिला अध्यक्ष जागृति तिवारी ने कहा कि शहर के निजी अस्पतालों और स्वास्थ्य विभाग से संबंधित शिकायतों की जानकारी एकत्र की जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि अधिकारियों की मौजूदगी के बावजूद यदि बिना पंजीकरण अस्पताल संचालित हो रहे हैं तो इसके लिए जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।
समिति ने स्पष्ट किया कि सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और निजी अस्पतालों की कथित मनमानी पर रोक लगने तक अभियान जारी रहेगा। बैठक में बीबी तिवारी, प्रेम सागर शुक्ला, विनोद कुमार मिश्रा, एके तिवारी, उदय भान सिंह, एपी मिश्रा, आर. अवस्थी, फूल सिंह लोधी, आरके विश्वकर्मा, देवेंद्र कुमार शुक्ला, केके शुक्ला और सुरेंद्र पाल सिंह समेत बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक व पदाधिकारी मौजूद रहे।
