फोटो परिचय- छात्राओं को सम्मानित करते जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह।
— विज्ञान प्रदर्शनी में छात्राओं ने पेश किए उपयोगी मॉडल, मेधावियों को छात्रवृत्ति प्रमाण-पत्र
सिटी न्यूज फतेहपुर
खागा, फतेहपुर(CNF)। आशा सिंह बालिका इंटर कॉलेज में विज्ञान एवं गृहविज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन छात्राओं की रचनात्मक प्रतिभा और वैज्ञानिक सोच को मंच देने के उद्देश्य से किया गया। प्रदर्शनी में छात्राओं ने विभिन्न विषयों पर तैयार किए गए वैज्ञानिक मॉडलों का प्रदर्शन कर अतिथियों और निर्णायक मंडल का ध्यान आकर्षित किया।
छात्राओं ने अपने मॉडलों की कार्यप्रणाली, उपयोगिता और उनसे जुड़े वैज्ञानिक सिद्धांतों को विस्तार से समझाया। निर्णायक मंडल में शामिल एपीएस व एलएस स्कूल के शिक्षकों ने मॉडलों का निरीक्षण कर छात्राओं के प्रयासों का मूल्यांकन किया। छात्राओं की रचनात्मकता और प्रस्तुति की अतिथियों ने सराहना की।
समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह ने छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रमाण-पत्र वितरित किए। प्रमाण-पत्र पाकर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में जिज्ञासा, नवाचार और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के साथ आत्मविश्वास भी बढ़ाते हैं।
कार्यक्रम में टीवाईएस विश्वविद्यालय के चांसलर, प्रधानाचार्या संगीता सिंह, डायरेक्टर राम सागर सोनी, नगर पंचायत अध्यक्ष गीता सिंह, एडीओ असोथर बलराम समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
प्रधानाचार्या संगीता सिंह ने अतिथियों, निर्णायक मंडल और सहयोगियों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि विज्ञान प्रदर्शनी छात्राओं को अपनी प्रतिभा सामने लाने का अवसर देती है और उन्हें भविष्य में बेहतर करने के लिए प्रेरित करती है।
