– विभाग ने भाजपा नेता से कहा, अपने पैसे से लगवाएं ट्रांसफार्मर
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। केंद्र व प्रदेश सरकार जहां अमृत काल में हर घर को रोशन करने और अंतिम व्यक्ति तक बिजली पहुंचाने का दम भर रही है, वहीं जिला मुख्यालय के घने इलाकों की हकीकत इन दावों को ठेंगा दिखा रही है। ताज़ा मामला शहर की स्टार सिटी कॉलोनी लालकोठी, देवीगंज का है, जहाँ वर्षों से बिजली कनेक्शन के लिए भटक रहे एक उपभोक्ता को विभाग ने न केवल आर्थिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया, बल्कि अब बुनियादी ढांचा विकसित करने के लिए खुद के पैसे खर्च करने की अजीबोगरीब सलाह दे डाली है।
भाजपा नेता राजा सिंह कछवाह ने मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी को भेजे शिकायती पत्र में विभाग की तानाशाही उजागर की है। उन्होंने बताया कि अपनी पत्नी सरस्वती देवी के नाम से घरेलू कनेक्शन के लिए उन्होंने अक्टूबर 2024 में ऑनलाइन आवेदन किया था। विभाग ने कनेक्शन देने के बजाय उनकी फाइल दबा दी और उल्टा उनके खिलाफ बिजली चोरी की एफआईआर दर्ज करा दी। इस विभागीय उत्पीड़न और कानूनी दबाव के चलते उन्हें जबरन 68000 रुपये जमा करने पड़े, जो एक साधारण परिवार के लिए बड़ी आर्थिक चोट थी। उन्होने हार मानकर मार्च 2026 में पुनः आवेदन किया। इसके बाद 7 अप्रैल 2026 को आनन-फानन में लाइनमैन भेजकर घर का कनेक्शन तो जोड़ दिया गया, लेकिन लगभग एक महीना बीतने के बाद भी न तो कनेक्शन की आधिकारिक रसीद दी है और न ही मीटर लगाया है। उपभोक्ता का आरोप है कि बिना मीटर और रसीद के कनेक्शन जोड़ना विभाग की सोची-समझी साजिश है, ताकि भविष्य में दोबारा उन्हें अवैध बिजली के नाम पर फंसाया जा सके। हैरानी की बात यह है कि शहर का मुख्य और घना इलाका होने के बावजूद यह क्षेत्र पूर्ण विद्युतीकरण से वंचित है। विभागीय अधिकारी भाजपा नेता को ही नसीहत दे रहे हैं कि यदि उन्हें सुचारू बिजली चाहिए, तो वह अपने निजी खर्चे पर ट्रांसफार्मर और बिजली लाइन की व्यवस्था करवाएं। श्री कछवाह ने अधीक्षण अभियंता को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि 15 दिनों के भीतर विद्युत मीटर नहीं लगा और वैध कागजात उपलब्ध नहीं कराए गए, तो वह बिजली विभाग के खिलाफ माननीय न्यायालय की शरण लेंगे।

