– जनपद से पांच हजार निवेशक जाने का किया दावा
CITY NES FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। ठगी पीड़ित जमाकर्ता परिवार की ओर से निवेशकों की समस्याओं और धनराशि वापस दिलाने की मांग को लेकर 31 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद संसद घेराव कर सरकार का ध्यान निवेशकों की समस्याओं की ओर आकर्षित किया जाएगा। पिछले 23 माह से नहर कॉलोनी परिसर में धरना दे रहे संगठन के जिलाध्यक्ष सूरज दीन विश्वकर्मा ने बताया कि दिल्ली में प्रस्तावित आंदोलन में फतेहपुर जिले से करीब पांच हजार निवेशक शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि निवेशक परिवार लंबे समय से अपनी जमा पूंजी वापस दिलाए जाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहा है। 31 जुलाई को दिल्ली में होने वाले प्रदर्शन के दौरान सरकार से बड्स एक्ट को प्रभावी रूप से लागू करने की मांग प्रमुखता से उठाई जाएगी। संगठन का कहना है कि ठगी करने वाली चिटफंड कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई कर उनकी संपत्तियों को जब्त करने तथा उससे निवेशकों की धनराशि वापस कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। जिलाध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार ने वर्ष 2019 में बड्स एक्ट बनाया था, जिसका उद्देश्य अनियमित जमा योजनाओं के माध्यम से होने वाली ठगी पर रोक लगाना और पीड़ित निवेशकों को राहत दिलाना है। इसके बावजूद निवेशकों को अपनी जमा रकम वापस पाने के लिए लंबे समय से आंदोलन करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जिस तरह विभिन्न मुद्दों को लेकर आंदोलन और धरने के माध्यम से सरकार का ध्यान आकर्षित किया जाता है, उसी तर्ज पर ठगी पीड़ित जमाकर्ता परिवार भी दिल्ली में बड़ा आंदोलन करेगा। उन्होंने जिले के निवेशकों से 31 जुलाई को दिल्ली पहुंचकर आंदोलन में भाग लेने की अपील की। सूरज दीन विश्वकर्मा ने केंद्र सरकार से मांग की कि बड्स एक्ट को पूरी तरह प्रभावी ढंग से लागू कर ठगी पीड़ित निवेशकों की जमा धनराशि वापस दिलाई जाए, ताकि वर्षों से आर्थिक संकट झेल रहे परिवारों को राहत मिल सके।
