दिल्ली में इंडिया गेट के पास रविवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आम आदमी पार्टी और उसके छात्र संगठन ‘एएसएपी’ के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की और पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए लोगों को ले जा रही बसों को रोकने की कोशिश की।
मुझे फुटबॉल की तरह उठा-उठाकर फेंक रहे हैं
हिरासत में लिए जाने के दौरान दिल्ली आप अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “वे मुझे उठा-उठाकर फुटबॉल की तरह इधर-उधर फेंक रहे हैं।”
सौरभ भारद्वाज ने आगे कहा, “यहां इतनी बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद है, फिर भी वे अपने ही एसीपी के खिलाफ एफआईआर तक दर्ज नहीं कर रहे हैं और न ही एसीपी को गिरफ्तार कर रहे हैं।” प्रदर्शन के दौरान आप कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारे लगाए और उनके इस्तीफे की मांग की।
प्रदर्शनकारी बसों के सामने पहुंचे
प्रदर्शन के दौरान आप कार्यकर्ता उन बसों पर चढ़ गए, जिनमें हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारियों को ले जाया जा रहा था। कुछ कार्यकर्ताओं ने बसों को बीच सड़क पर घेर लिया और उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। दिल्ली आप के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज को भी हिरासत में लिया गया है।
इंडिया गेट के आसपास भारी पुलिस बल तैनात
स्थिति को काबू में रखने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इंडिया गेट और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात किए गए।
