CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जनपद के मत्स्य पालकों, नाव संचालकों एवं मत्स्य व्यवसाय से जुड़े लोगों के लिए अच्छी खबर है। मत्स्य विभाग द्वारा संचालित राज्य सेक्टर की विभिन्न लाभकारी योजनाओं के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक लाभार्थी आठ जून से 28 जून तक विभागीय वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
सहायक निदेशक मत्स्य ने जानकारी देते हुए बताया कि विभाग द्वारा संचालित तीन प्रमुख योजनाओं के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इनमें मुख्यमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना, निषादराज बोट सब्सिडी योजना तथा सघन मत्स्य पालन हेतु एयरेशन सिस्टम की स्थापना योजना शामिल हैं। उन्होंने बताया कि प्रत्येक योजना के लिए अलग-अलग आवेदन करना अनिवार्य होगा। योजनाओं के अंतर्गत परियोजना का विवरण, इकाई लागत, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा आवश्यक अभिलेखों की जानकारी विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध है। आवेदक आवेदन करने से पूर्व सभी दिशा-निर्देशों का भलीभांति अध्ययन कर लें। मत्स्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि भविष्य में किसी योजना के प्रावधानों में संशोधन किया जाता है तो संशोधित नियम ही प्रभावी होंगे। साथ ही पूर्व वर्षों में जिन आवेदकों के आवेदन निरस्त हो गए थे अथवा प्रतीक्षारत हैं, वे भी पुनः आवेदन करने के पात्र होंगे। विभाग की ओर से बताया गया कि योजनाओं के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी या मार्गदर्शन प्राप्त करने के लिए इच्छुक व्यक्ति कार्यालय सहायक निदेशक मत्स्य, अम्बेडकर स्कूल के बगल वाली गली, सीओ सिटी कार्यालय के पास, रानी कॉलोनी, आबूनगर, फतेहपुर में किसी भी कार्य दिवस पर संपर्क कर सकते हैं। मत्स्य विभाग की इन योजनाओं का उद्देश्य मत्स्य उत्पादन को बढ़ावा देना, आधुनिक तकनीकों को प्रोत्साहित करना तथा मत्स्य व्यवसाय से जुड़े लोगों की आय में वृद्धि करना है। विभाग ने पात्र लाभार्थियों से समय रहते ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now