– तीन आरोपी गिरफ्तार, 380 वाहनों के चालान
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और अपराधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत शांति भंग की आशंका में 31 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई, जबकि वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा गया। साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी सख्त कार्रवाई करते हुए सैकड़ों वाहनों का चालान किया गया।
पुलिस द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में शांति भंग की आशंका के मद्देनजर कुल 31 व्यक्तियों को धारा 170/126/135 बीएनएसएस के अंतर्गत गिरफ्तार कर संबंधित न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इनमें थाना बिंदकी से 3, कोतवाली से 7, सुल्तानपुर घोष से 4, जाफरगंज से 3, ललौली से 5, बकेवर से 4, मलवां से 2, गाजीपुर से 1, चांदपुर से 1 तथा खागा से 1 अभियुक्त शामिल रहे। इसके अतिरिक्त अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना किशनपुर पुलिस ने दो वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया, जबकि थाना चांदपुर पुलिस ने एक वांछित अभियुक्त को दबोचने में सफलता प्राप्त की। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस ने 380 वाहनों का चालान किया। इसके अलावा एक वाहन को सीज किया गया व एक वाहन से 1000 रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। पुलिस की इस व्यापक कार्रवाई से साफ है कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधियों पर नकेल कसने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है। अधिकारियों ने बताया कि जनहित एवं सुरक्षा के दृष्टिगत ऐसे अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
