भर्ती परीक्षा केन्द्र का जायजा लेते एसपी अभिमन्यु मांगलिक।
– संबंधित अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा निर्देश
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा जिले में सकुशल, निष्पक्ष और नकलविहीन ढंग से संपन्न हो गई। परीक्षा के अंतिम दिन बुधवार को पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का पुनः जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, सघन तलाशी व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, परीक्षा कक्षों की सुरक्षा तथा केंद्र पर तैनात पुलिस बल की सतर्कता को परखा। उन्होंने परीक्षा केंद्र के प्रत्येक महत्वपूर्ण बिंदु का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि भर्ती परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखना सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, नकल अथवा अव्यवस्था फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ड्यूटी में लगे पुलिस कर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभ्यर्थियों की जांच पूरी सतर्कता और निर्धारित मानकों के अनुरूप की जाए, ताकि परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी तरह की अनियमितता की गुंजाइश न रहे। जनपद प्रशासन एवं पुलिस विभाग ने दावा किया है कि भर्ती परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुरक्षित और पारदर्शी वातावरण में संपन्न हो गई है।
